दुल्हन के गहनों का इंतजाम करने को दूल्हे ने किन्नर के घर की चोरी, भरी दुपहरिया में काटे ताले
अपनी शादी की तैयारियों में जुटे इस शख्स ने होने वाली दुल्हन के लिए गहनों के इंतजाम का ऐसा तरीका निकाला जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। इस शख्स ने भरी दुपहरिया एक किन्नर के घर के ताले काट डाले और घर में घुसकर करीब 15 लाख की चोरी को अंजाम दे डाला। यह शख्स गहनों के साथ कैश भी चुरा ले गया था।

UP News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां जल्द दूल्हा बनने जा रहे एक शख्स ने अपनी दुल्हन के लिए गहनों के इंतजाम का ऐसा तरीका निकाला जिसने उसे जेल पहुंचा दिया। दूल्हे ने एक किन्नर के घर को निशाना बना दिया। सैदनगली निवासी किन्नर के घर से एक लाख रुपये की नकदी समेत करीब 15 लाख रुपये के आभूषण चोरी की वारदात का बुधवार को पुलिस ने खुलासा किया। संभल निवासी युवक ने किन्नर के घर से अपनी शादी के लिए नकदी और दुल्हन के लिए गहने चोरी किए थे। उसने भरी दुपहरिया में ग्लाइंडर मशीर से किन्नर के घर के ताले काट दिए और घर में घुसकर चोरी की।
सीओ पंकज त्यागी ने बताया कि बीती 20 मार्च को सैदनगली कस्बे में जामा मस्जिद के नजदीक निवासी नन्ही किन्नर के घर से करीब 15 लाख की चोरी हुई थी। इस दौरान किन्नर मुन्नी घर बंद करने के बाद संभल निवासी परिचित के यहां गई थी। घर आने पर ताले कटे हुए मिले थे। सेफ आदि से एक लाख की नकदी व कीमती आभूषण गायब थे। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया था। नजदीक लगे सीसीटीवी की रिकार्डिंग में एक व्यक्ति घटना को अंजाम देता हुआ दिखाई दिया था।
पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। सीओ ने बताया कि संभल के नखासा थाना क्षेत्र निवासी उस्मान को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी किया गया जेवर बरामद हो किया है। जानकारी के मुताबिक उस्मान की जल्द ही शादी होने वाली थी, जिसके खर्च के लिए उसने चोरी की थी। साथ ही होने वाली दुल्हन के लिए जेवर चोरी किये थे। आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है। सफलता पाने वाली टीम में थानाध्यक्ष विकास कुमार, दारोगा अरुण गिरी, सिपाही गौरव तोमर आदि रहे।
नन्हीं की शिष्या के पास आता-जाता था उस्मान
बताया जा रहा है कि उस्मान का किन्नर नन्हीं की शिष्या गुड़िया के पास आना-जाना था। कई बार वह नन्हीं के घर आया था। उसे घर के बारे में जानकारी की थी कि नकदी व आभूषण कहां रखे हुए हैं। 20 मार्च की दोपहर नन्हीं घर बंद कर चली गई तो वह ग्लाइंडर मशीन से ताले काटकर भीतर घुस गया और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने उसके कब्जे से ग्लाइंडर मशीन व पेचकस आदि उपकरण भी बरामद किए हैं। शादी के लिए किन्नर के घर चोरी की इस घटना की इलाके में लोगों के बीच काफी चर्चा हो रही है।




साइन इन