TCS मैनेजर सुसाइड केस: निकिता से प्यार करने लगा था मानव, 3 जनवरी को आया जिंदगी में भूचाल
- 27 फरवरी को बहन ने जब मानव का मोबाइल खंगाला तो उसमें एक वीडियो मिला। इसे मानव ने मौत से पहले बनाया था। अपनी मौत के लिए पत्नी निकिता शर्मा को जिम्मेदार ठहराया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर उनकी पत्नी और ससुरालीजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

TCS Manager Manav Sharma Suicide Case: टीसीएस के रिक्रूटमेंट मैनेजर मानव शर्मा की जिंदगी में भूचाल तीन जनवरी 2025 को आया था। इससे पहले उसकी जिंदगी खुशनुमा थी। अरेंज मैरिज के बाद वह अपनी पत्नी निकिता से प्यार करने लगे थे। इंस्टाग्राम पर एक मैसेज आया। इसमें पत्नी के बारे में कुछ बताया गया। उसके बाद से उनकी जिंदगी में भूचाल आ गया। घर में रार शुरू हो गई। यही रार उन्हें फांसी के फंदे तक ले गई। मानव शर्मा की बहन आकांक्षा शर्मा ने सदर पुलिस को कई साक्ष्य दिए हैं। सनसनीखेज मामले में पुलिस को निकिता की तलाश है। उसका जेल जाना तय है।
डिफेंस कालोनी सदर निवासी रिटायर एयरफोर्स कर्मी नरेंद्र शर्मा के बेटे मानव शर्मा की शादी 30 जनवरी 2024 को बरहन निवासी निकिता शर्मा से हुई थी। वह पत्नी के साथ मुंबई में रहते थे। मानव ने मनोविज्ञान की पढ़ाई की थी। टीसीएस कंपनी में वह रिक्रूटमेंट मैनेजर के पद पर तैनात थे। 24 फरवरी की सुबह उनका शव फंदे पर लटका मिला था। 27 फरवरी को बहन ने जब मानव का मोबाइल खंगाला तो उसमें एक वीडियो मिला। जो मानव ने मृत्यु पूर्व बनाया था। अपनी मौत के लिए पत्नी निकिता शर्मा को जिम्मेदार ठहराया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर उनकी पत्नी और ससुरालीजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मानव और निकिता के बीच आखिर झगड़ा कब शुरू हुआ। निकिता की पिछली जिंदगी के बारे में मानव को किसने बताया था। यह सवाल उठे तो मानव की बहन ने पुलिस को कई साक्ष्य दिए।
बताया कि तीन जनवरी को एक युवती की इंस्टा आईडी से भाई के पास एक मैसेज आया था। युवती ने मानव को उसकी पत्नी और साली के बारे में बहुत कुछ बताया। यह भी लिखा कि वह निकिता से पूछे कि आईफोन कहां से मिला था। इंस्टाग्राम पर आए इस मैसेज ने मानव शर्मा को हिला दिया। भले ही उन्होंने मनोविज्ञान की पढ़ाई कर रखी थी मगर वह खुद को संभाल नहीं पाए। उनके होश उड़ गए थे। उन्हें लगा कि उनके साथ धोखा हुआ है। शादी से पहले पत्नी ने बहुत कुछ छिपाया। उसी मैसेज के बाद उनके घर में रार शुरू हो गई। पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने लगा। झगड़ा भी इस कदर बढ़ गया कि मानव परेशान रहने लगे। अवसाद में चले गए। मानव शर्मा की बहन आकांक्षा शर्मा ने बताया भाई ने मुंबई में खुदकुशी का प्रयास किया था। जानकारी होने पर माता-पिता मुंबई गए थे। दो दिन साथ रहे। भाई और भाभी को समझाया। कहा कि पुरानी बातों को भूलकर नई जिंदगी की शुरूआत करें। इंस्टाग्राम पर मैसेज करने वाली प्रिया से मानव की बातचीत हुई। वह निकिता से सच जानना चाहते थे। निकिता ने भाई को धमकी दी थी कि दहेज के मुकदमे में पूरे परिवार को फंसा देगी। मानव के समक्ष मुंबई में वीडियो पर निकिता ने अपनी पुरानी जिंदगी का सच कबूल किया था। निकिता का वह वीडियो सोशल मीडिया पर शनिवार को वायरल हुआ। यह वीडियो मानव के मोबाइल में था। जनवरी में बना था।
घर बचाने को बनाया वीडियो हो रहा वायरल
निकिता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो मानव के मोबाइल में था। जिसमें निकिता अपने बारे में बता रही हैं। शादी से पहले की जिंदगी का जिक्र भी कर रही हैं। बोल रही हैं शादी के बाद सारे संपर्क खत्म कर दिए थे। वह डर गई थीं कि मानव को खो नहीं दें। यह वीडियो मुंबई में मानव की खुदकुशी के प्रयास के बाद बनाया गया था। मानव ने यह वीडियो खुद बनाया था। वह चाहता था कि पत्नी मोबाइल पर सब सच बोले। ताकि कभी निकिता उस पर कोई आरोप लगाए तो यह वीडियो दिखाकर वह अपनी सफाई पेश कर सके।
प्रिया चाहती थी बिगड़ जाए घर
पुलिस को जानकारी मिली है जिस प्राची जैन की आईडी से मानव शर्मा को पहला मैसेज आया था उसके घर में भी रार छिड़ी हुई है। उसने अपने मैसेज में निकिता के अलावा उसकी बहनों के बारे में भी बहुत कुछ लिखा था। आईडी प्राची जैन के नाम से है और मैसेज की पहली लाइन में लिखा था कि प्रिया दिस साइड। पुलिस प्रिया जैन को भी बयान के लिए बुला सकती है। उससे पूछा जाएगा वह मानव को निकिता और उसकी बहनों के बारे में यह सब कुछ क्यों बता रही थी।
तलाक को साक्ष्य जुटा रहे थे मानव
मानव की बहन आकांक्षा शर्मा ने बताया भाई तलाक के लिए साक्ष्य जुटा रहा था। उसे पता था कि अपनी तरफ से तलाक का मुकदमा दाखिल करेगा तो पत्नी निकिता उसके परिवार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा लिखाएगी। बहन ने बताया मानव को निकिता से प्यार हो गया था। पत्नी के बारे में जब उसे बातें पता लगी तो उसे गहरा धक्का लगा था। उनका कहना है कि पता नहीं खुदकुशी से पहले मानव और निकिता के बीच फोन पर क्या बातचीत हुई थी। यह तो निकिता ही बता सकती है।
बहन के जन्मदिन पर बांटता था टॉफी
मानव की बहन आकांक्षा चाहती है कि भाई ने जिस वजह से खुदकुशी की वह जग जाहिर हो चुकी है। उनके परिवार को इंसाफ चाहिए। यह मामला किसी युवती की खुदकुशी से जुड़ा होता तो लोग उसके परिवार के साथ खड़े होते। भाई अपनी पत्नी का उत्पीड़न करता तो पत्नी की तरफ से शिकायत की जाती। पत्नी ने कभी ऐसा नहीं किया। भाई की खुदकुशी के बाद बोला कि वह उसे मारता था। उन्होंने बताया कि तीन मार्च को उनका जन्मदिन है। मानव स्कूल में दो बार टॉफी बांटा करता था। उनके जन्मदिन पर भी अपनी क्लास में टॉफी देता था।
एक नहीं पति-पत्नी के कई वीडियो
निकिता शर्मा अपने माता-पिता के साथ फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। निकिता के रिश्तेदार भी दावा कर रहे हैं कि उसके पास भी पति के कई वीडियो हैं। वहीं मानव ने भी पत्नी के वीडियो बना रखे थे। पुलिस का कहना है कि दोनों के मोबाइल की बाद में फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।
निकिता का जेल जाना तय: पुलिस आयुक्त
आगरा। पुलिस आयुक्त जे रविन्दर गौड ने बताया कि निकिता शर्मा का जेल जाना तय है। उसकी तलाश के लिए एसीपी सदर विनायक भोसले को लगाया गया है। मानव शर्मा ने मृत्यु पूर्व जो वीडियो बनाया था उसे उनका बयान मानकर केस डायरी में लिखा जाएगा। वीडियो के आधर पर ही पुलिस उनकी पत्नी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। पत्नी जो साक्ष्य देगी पुलिस उसे भी नजरंदाज नहीं करेगी। जांच में शामिल करेगी। अभी विवेचना एक युवक की खुदकुशी की चल रही है। मरने से पहले का उसका वीडियो मृत्यु पूर्व बयान है। खुदकुशी के मामले में मृत्यु पूर्व बयान अहम होता है। नए कानून में वीडियो को डिजिटल साक्ष्य माना गया है।




साइन इन