20 गोली मारकर लाते हैं, एक गोली लिखवाते हैं, सरकारी डॉक्टर ने खोला एनकाउंटर का ‘सच’
यूपी के शामली में सीएचसी अधीक्षक के कार्यालय में हुई चोरी का खुलासा न होने पर सीएचसी कर्मियों ने कोतवाली में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस के खिलाफ ऐसा गुबार निकला की उसका वीडियो वायरल हो रहा है। एक डॉक्टर ने कहा कि 20 गोली मारकर लाते हैं और एक गोली लिखवाते हैं। अब इनके चिट्ठे खोले जाएंगे।

शामली में सीएचसी अधीक्षक के कैंप कार्यालय से पिछले सप्ताह हुई करीब साढ़े पांच लाख रुपये की चोरी का खुलासा न होने पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों में भयंकर आक्रोश है। बुधवार को डॉक्टरों और कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर शामली कोतवाली पहुंचकर धरना दिया। इस दौरान पुलिस एनकाउंटर का सच भी वीडियो पर बोल दिया गया है। मौके पर मौजूद सरकारी डाक्टर इतने आक्रोशित थे कि पुलिस को सीधा चैलेंज करने लगे और कहा कि अपने आप मुजरिम को 20 गोली मारकर लाते हैं, जबरदस्ती खड़े होकर सीओ और एसपी एक-एक गोली लिखवाते हैं।
हम खोलेंगे इनके पर्चे, हम खोलेंगे इनके चिट्ठे। डॉक्टर के मुंह से इस तरह की बातें सुनकर पुलिस वाले भी चौंक गए। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस अधिकारी सात दिन में खुलासे का आश्वासन देकर डॉक्टरों और कर्मचारियों को समझाया। एनकाउंटर का सच इस तरह से खुलेआम बोलने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि शामली में पिछले एक हफ्ते के अंदर दो बदमाशों नफीस और फैसल को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है।
शामली सीएचसी अधीक्षक डॉ. दीपक चौधरी दीपावली के अवसर पर रविवार को बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव कुंडा खेड़ा में देवता पूजन के लिए गए थे। जब वह परिवार के साथ लौटे तो पता चला कि सीएचसी परिसर में बने कैंप कार्यालय से अलमारी का ताला तोड़कर बदमाशों ने करीब साढ़े पांच लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली थी।
सीएचसी अधीक्षक घटना के खुलासे को लेकर पुलिस से मिले थे। इसके बावजूद घटना का खुलासा न होने पर बुधवार को सीएचसी अधीक्षक डॉ. दीपक चौधरी सहित सीएचसी के समस्त चिकित्सकों, स्टाफ व कर्मचारियों ने पुलिस पर अभद्रता करने और घटना का खुलासा न करने का आरोप लगाते हुए ओपीडी कार्य बंद कर दिया। इस दौरान सीएचसी शामली का समस्त स्टाफ हॉस्पिटल बंद कर कोतवाली पहुंचा और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। डॉ. दीपक कुमार भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के दामाद हैं इसलिए चिकित्सकों व स्टाफ के धरना-प्रदर्शन को भाकियू नेताओं का भी समर्थन मिला।
सूचना पाकर भाकियू नेता कुलदीप पंवार, कपिल खाटियान, मोहित शर्मा, अमरदीप लाठियान आदि पहुंचे और धरना-प्रदर्शन को अपना समर्थन देने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस पर चिकित्सक से अभद्रता का आरोप लगाते हुए उनकी कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाए। धरने की सूचना पर सीओ सिटी अमरदीप व कोतवाली प्रभारी सचिन शर्मा मौके पर पहुंचे और धरना प्रदर्शन कर रहे चिकित्सकों व भाकियू नेताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। सीओ ने सात दिनों के अंदर घटना का खुलासा कर चोर को जेल भेजने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना प्रदर्शन खत्म हुआ। वहीं, सीओ अमरदीप मौर्य का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं, जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।




साइन इन