यहां मर्डर हो गया है; एक कॉल पर गांव में मच गया हड़कंप; पुलिस पहुंची तो...
बागपत में उस समय हड़कंप मच गया जब किसी ने मर्डर की सूचना पुलिस की दी। आनन फानन में डायल 112 और स्थानीय थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन रात भर घरों की कुंडी खटखटाने और भाग-दौड़ के बाद जो सच सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया।

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बोपुरा गांव में रविवार देर रात एक अजीबोगरीब घटनाक्रम देखने को मिला। जब डायल 112 और स्थानीय थाना पुलिस हत्या की सूचना पर रात भर गांव में भाग-दौड़ करती रही। बाद में पता चला कि यह सूचना किसी वयस्क ने नहीं, बल्कि एक छोटे बच्चे ने अपनी मां के मोबाइल से झूठी सूचना दी थी।
ये मामला दाहा क्षेत्र के बोपुरा गांव का है। जहां पुलिस इमरजेंसी नंबर डायल 112 पर किसी ने कॉल कर बताया कि उनके यहां मर्डर हो गया है। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत दोघट थाना पुलिस को सूचित कर मौके पर पहुंची। गांव के बाहर पहुंचने पर जब पुलिस ने कॉलर के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो वह स्विच ऑफ मिला। दोघट थाना पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर लोकेशन ट्रेस की और गांव के कई घरों में पूछताछ की, लेकिन सभी ने कॉल करने से इनकार कर दिया।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस सही लोकेशन पर पहुंची और घर की महिलाओं से मर्डर की सूचना के बारे में पूछा। महिलाओं ने अनभिज्ञता जाहिर की और उलटा पुलिस से ही पूछ बैठीं कि किसका मर्डर हुआ है और किसने जानकारी दी है? संदेह होने पर जब पुलिस ने मोबाइल मांगा, तो उसे छिपा दिया गया था। बाद में मोबाइल बरामद होने पर पता चला कि घर के एक छोटे बच्चे ने खेलने के दौरान अपनी मां का मोबाइल उठाकर डायल 112 पर झूठी कॉल कर दी थी।इस पर पुलिस ने परिजनों को चेतावनी देकर वापस लौट गई। इस मामले में थानाध्यक्ष दोघट सूर्यदीप सिंह ने बताया कि एक बच्चे द्वारा झूठी सूचना दी गई थी।




साइन इन