The slogan Jai Shri Ram has now become a license to spread anarchy said Swami Prasad Maurya जय श्री राम का नारा अब अराजकता फैलाने का लाइसेंस बन गया है; स्वामी प्रसाद मौर्य का विवादित बयान, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

जय श्री राम का नारा अब अराजकता फैलाने का लाइसेंस बन गया है; स्वामी प्रसाद मौर्य का विवादित बयान

स्वामी प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि कुछ अराजक तत्वों के लिए 'जय श्री राम' का नारा अराजकता फैलाने का लाइसेंस बन गया है। उधर, मौर्य के इस बयान से सियासी हलचल बढ़ गई है।

Sun, 2 Nov 2025 03:41 PMPawan Kumar Sharma लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ/बलिया
share
जय श्री राम का नारा अब अराजकता फैलाने का लाइसेंस बन गया है; स्वामी प्रसाद मौर्य का विवादित बयान

अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने शनिवार को कहा कि कुछ अराजक तत्वों के लिए 'जय श्री राम' का नारा अराजकता फैलाने का लाइसेंस बन गया है। उधर, स्वामी प्रसाद मौर्य के इस बयान से सियासी हलचल बढ़ गई है।

दरअसल स्वामी प्रसाद मौर्य ने किसी का नाम लिये बगैर कहा, “स्वाभाविक रूप से आज धर्म के नाम पर देश में उन्माद पैदा करना, हिन्दू-मुसलमान के साथ भेदभाव करना, हिन्दू-मुसलमान के नाम पर देश को बांटने की घटिया राजनीति करना आज लोगों का शगल बन गया है।”

उन्होंने कहा, "कुछ अराजक तत्व तो जय श्री राम और जय बजरंग बली का नारा देकर मुस्लिम समाज पर हमला करते हैं। कहीं ईदगाह पर फावड़ा और कुदाल लेकर पहुंच जाते हैं। कहीं घरों पर लगे मजहबी झंडे तोड़कर फेंकते हैं। कहीं मुस्लिम समाज की दुकानों और घरों में आग लगाते हैं। ऐसा लगता है कि इन्होंने अपने आदर्श को खुद दफनाने का निर्णय ले लिया है।"

मौर्य ने कहा, “जो कभी आराध्य और आस्था का केंद्र होता था उसको आज लाइसेंस के रूप में प्रयोग करके अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं। हम समझते हैं कि यह धर्म नहीं है, धर्म के नाम पर अधर्म का रास्ता अख्तियार कर रहे हैं। लोगों को ऐसी घिनौनी हरकतों से बचना चाहिये।"

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अखिलेश यादव के विधायक रमाकांत यादव को एक साल की सजा, कोर्ट ने जुर्माना भी लगाया

दयाशंकर मिश्र ने दी प्रतिक्रिया

उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मौर्य के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें 'सनातन विरोधी' करार दिया और कहा कि मौर्य राजनीति के हाशिए पर पहुंच गये हैं और सुर्खियों में आने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं।

दरअसल शनिवार शाम बलिया में मीडिया से बातचीत में स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान की आलोचना की और कहा कि श्री राम और बजरंग बली का नाम आस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि मौर्य आस्था से जुड़े मामलों में गलत ढंग से बयान देते रहते हैं। वह सनातन के घोर विरोधी हैं। वह समय-समय पर ऐसे बयान देकर सुर्खियों में आने की कोशिश करते हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।