10 की चाय, 20 का समोसा; लखनऊ एयरपोर्ट पर आज खुलेगा 'उड़ान यात्री कैफे', यात्रियों को सौगात
लखनऊ एयरपोर्ट के यात्रियों को आज बड़ी सहूलियत मिलने जा रही है। उड़ान यात्री कैफे का आज उद्घाटन होगा। जिसके बाद यात्रियों को बेहद कम कीमत पर खानपान की चीजें मिलेंगी। जिसमें 10 रुपए की चाय, 20 रुपए का समोसा और 20 रुपए का गुलाब जामुन शामिल है।

चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (लखनऊ एयरपोर्ट) के यात्रियों को आज (29 मार्च 2026) से बड़ी सहूलियत मिलने जा रही है। एयरपोर्ट पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ का उद्घाटन होना है। जिसके बाद हवाई यात्रियों को बेहद किफायती दरों पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक यह कैफे यात्रियों को महंगे एयरपोर्ट फूड के विकल्प के रूप में राहत देगा और आम यात्रियों के लिए सफर को अधिक सुविधाजनक बनाएगा। इस कैफे में 10 रूपये की चाय, 20 का समोसा और 20 का गुलाब जामुन उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है। देश के अन्य एयरपोर्ट पर शुरू किए गए इसी मॉडल के उड़ान यात्री कैफे में भी चाय 10, जबकि समोसा और “स्वीट ऑफ द डे” 20 रूपये में उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे यह पहल यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हुई है।
मध्यमवर्गीय यात्रियों को बड़ी राहत
एयरपोर्ट पर खानपान की ऊंची कीमतें लंबे समय से यात्रियों की शिकायत का विषय रही हैं। ऐसे में उड़ान यात्री कैफे की शुरुआत को आम और मध्यमवर्गीय यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य हवाई यात्रा को केवल तेज और सुरक्षित ही नहीं, बल्कि अधिक सुलभ और किफायती बनाना भी है। लखनऊ एयरपोर्ट पर इस सुविधा के शुरू होने के बाद यात्रियों को अब चाय-नाश्ते के लिए अधिक खर्च नहीं करना पड़ेगा। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह कैफे यात्रियों की पहली पसंद बन सकता है।
राघव चड्ढा ने संसद में उठाया था मुद्दा
आपको बता दें आम आदमी पार्टी से सांसद राघव चड्ढा ने संसद सत्र के दौरान एयरपोर्ट पर मिलने वाले महंगे खाने-पीने के समानों को मुद्दा उठाया था। जिसके बाद सरकार ने उनकी मांग मानते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ की सुविधा शुरू की। इस साल के अंत तक हर एयरपोर्ट पर ‘उड़ान यात्रा कैफे' खोलने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल देश के कुछ चुनिंदा एयरपोर्ट पर यह सुविधा शुरू की जा चुकी है, जिनमें कोलकाता, पुणे, अहमदाबाद, विजयवाड़ा, भुवनेश्वर और चेन्नई शामिल हैं। दरअसल, देश के कई हवाईअड्डों पर खाने‑पीने की चीज़ें बेहद महंगे दामों पर मिलती हैं। कुछ जगहों पर तो एक कप चाय के दाम 200 से 300 रुपये तक वसूले जाते रहे हैं।
कोलकाता से हुई शुरुआत
इस योजना की शुरुआत कोलकाता एयरपोर्ट से की गई थी। जहां यात्रियों को 10 रुपये में चाय, 20 रुपये में कॉफी, 10 रुपये में पानी की बोतल, 20 रुपये में समोसा और 20 रुपये में रसगुल्ला उपलब्ध कराया जा रहा है। उड़ान यात्रा कैफ़े में कुल पांच आइटम रखे गए हैं। इनमें चाय/कॉफी, पानी और समोसे के साथ‑साथ एक स्थानीय व्यंजन को भी शामिल किया गया है, जैसे कोलकाता में रसगुल्ला, पुणे में वड़ा पाव यात्रियों को उपलब्ध कराया जा रहा है। मंत्रालय के अनुसार, इन कैफे को यात्रियों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और यहां का चाय‑समोसा काफी पसंद किया जा रहा है। हालांकि यह भी तय किया गया है कि हर एयरपोर्ट पर केवल एक ही उड़ान यात्रा कैफे खोला जाएगा।




साइन इन