Coca-Cola finance executive died at Lucknow airport after condition deteriorated while waiting for flight फ्लाइट के इंतजार में लखनऊ एयरपोर्ट पर कोकाकोला के फाइनेंस एग्जिक्यूटिव की बिगड़ी तबीयत, मौत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

फ्लाइट के इंतजार में लखनऊ एयरपोर्ट पर कोकाकोला के फाइनेंस एग्जिक्यूटिव की बिगड़ी तबीयत, मौत

इंडिगो संकट के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर फ्लाइट का इंतजार कर रहे एक यात्री की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मरने वाला व्यक्ति कोकाकोला का फाइनेंस एग्जिक्यूटिव बताया जा रहा है।

Sun, 7 Dec 2025 09:56 PMDinesh Rathour लखनऊ, प्रमुख संवाददाता
share
फ्लाइट के इंतजार में लखनऊ एयरपोर्ट पर कोकाकोला के फाइनेंस एग्जिक्यूटिव की बिगड़ी तबीयत, मौत

लखनऊ एयरपोर्ट पर फ्लाइट के इंतजार और भागदौड़ में कानपुर निवासी निजी कंपनी के फाइनेंस एग्जिक्यूटिव की हालत अचानक बिगड़ गई। एयरपोर्ट कर्मियों ने आनन-फानन एम्बुलेंस से लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। लगातार फ्लाइटें निरस्त होने की वजह से उनका परिवार बेंगलुरु से टैक्सी से कानपुर पहुंचा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार कानपुर के कल्याणपुर निवासी अनूप कुमार पांडेय (46) बेंगलुरु स्थित कोकाकोला कंपनी के फाइनेंस एक्जिक्यूटिव थे। वहां वह पत्नी पूजा और एक बेटा-बेटी के साथ रहते थे। एक रिश्तेदार की मौत के बाद तेहरवीं में शामिल होने के लिए वह पांच दिन पहले बेंगलुरु से कानपुर आए थे। शुक्रवार रात उनकी वापसी की कनेक्टिंग फ्लाइट लखनऊ से दिल्ली होते हुए बेंगलुरु जाने की थी। दिल्ली के लिए एयर इंडिया की एआई-1821 फ्लाइट लखनऊ से पकड़नी थी। यह फ्लाइट रात 10:30 बजे रवाना होती है। इसके लिए वह देर शाम लखनऊ एयरपोर्ट पहुंच गए। लगातार फ्लाइट रद्द होने से अनूप काफी परेशान हो गए थे। एयरपोर्ट पर उनके भाई अनिल ने बताया कि इसी दौरान दौड़भाग के बीच अचानक रात करीब 10:10 बजे उनकी हालत बिगड़ गई।

एयरपोर्ट कर्मियों ने उन्हें लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया और मोबाइल से उनकी पत्नी को सूचना दी। बेंगलुरु में मौजूद पत्नी ने यह जानकारी जेठ अनिल को दी, जिसके बाद वह लखनऊ पहुंचे। अनिल का आरोप है कि जब एयरपोर्ट पहुंचे और अधिकारियों से सीसीटीवी फुटेज व जानकारी मांगी तो उन्हें कोई सहयोग नहीं मिला। बाद में पता चला कि अनूप का शव लोकबंधु अस्पताल से पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। दो दिन बाद रविवार को पोस्टमार्टम किया गया। वहीं पत्नी पूजा को जब घटना की जानकारी मिली तो वह तत्काल आना चाहती थीं, लेकिन फ्लाइट न मिलने के कारण वह बेंगलुरु से कार से कानपुर पहुंचीं।

नशे में धुत यात्री ने किया बवाल, बोर्डिंग से रोका गया

अमौसी एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात एक यात्री ने खूब हंगामा किया। वह नशे में इंडिगो एयरलाइंस से दम्माम जा रहा था। उसे बोर्डिंग से रोक दिया गया। इसके बाद भी यात्री उत्पात मचाता रहा तो सुरक्षाकर्मियों ने उसे सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार यात्री को हिरासत में लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। इसके पूर्व यात्री ने टर्मिनल के बाहर बवाल किया और सुरक्षाकर्मियों से धक्का-मुक्की करने लगा। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान घनश्याम विश्वकर्मा पुत्र विरेंद्र शर्मा, निवासी ग्राम पडियापुर, पोस्ट मडौली, थाना महुवाडीह, जिला देवरिया के रूप में हुई है। वह इंडिगो की फ्लाइट 6ई-97 से सऊदी अरब के दम्माम जाने वाला था। एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों ने थाने पर तहरीर दी है। इसके अनुसार शनिवार रात यात्री घनश्याम काफी नशे में था। बोर्डिंग के समय वह ठीक से चल नहीं पा रहा था। साथ ही ऊटपटांग बड़बड़ा रहा था, जिसे देखते हुए एयरलाइंस स्टाफ ने उसे उड़ान के लिए अयोग्य बताते हुए बोर्डिंग से मना कर दिया। उसे ऑफलोड कर टर्मिनल के बाहर भेज दिया।

टर्मिनल से बाहर आते ही यात्री ने अपना आपा खो दिया। उसने अपना बैग पटक कर तोड़ना शुरू कर दिया और यात्रियों से भी अभद्र व्यवहार किया। जब ड्यूटी पर मौजूद एमएसएफ सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप किया तो वह उनसे गालीगलौज और हाथापाई पर उतर आया। स्थिति बिगड़ते देख अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों ने उसे काबू में किया और सरोजनीनगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर उत्पात, धमकी व कर्मचारियों से दुर्व्यवहार समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने उससे पूछताछ करने के बाद जेल भेज दिया है। वहीं एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि नशे में यात्रियों को रोकना सुरक्षा प्रोटोकॉल का अनिवार्य हिस्सा है और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति लागू रहती है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।