एशिया के 30 प्रभावशाली युवाओं में यूपी के स्वप्निल, चला रहे कमाल का स्टार्ट अप
स्वप्निल श्रीवास्तव ने वर्ष 2021 में बीटेक की परीक्षा उत्तीर्ण कर दो दोस्तों ने हुसैन और अमन के साथ स्टार्टअप शुरू किया। बांस के रेशे से बने धागे से बने बच्चों के कपड़े की देश ही नहीं दुनिया के विभिन्न देशों में मांग बढ़ने लगी। बांस के रेशे से बने कपड़े मुलायम होने की वजह से बच्चों के लिए मुफीद हैं।

UP News : बांस के रेशे से बने धागे से बच्चों के लिए इको फ्रेंडली रेडीमेड गारमेंट का स्टार्टअप शुरू करने वाले कैम्पियरगंज के स्वप्निल श्रीवास्तव को प्रतिष्ठित फोर्ब्स पत्रिका के ताजा अंक में एशिया में प्रमुख 30 प्रभावशाली लोगों में स्थान मिला है। 30 साल से कम उम्र के प्रभावशाली लोगों की कटेगरी में इसके पहले गोरखपुर की श्रृति पांडेय और सिद्धार्थ श्रीवास्तव भी यह सम्मान हासिल कर चुके हैं।
कैम्पियरगंज के स्वप्निल श्रीवास्तव ने वर्ष 2021 में बीटेक की परीक्षा उत्तीर्ण कर दो दोस्तों ने हुसैन और अमन के साथ स्टार्टअप शुरू किया। बांस के रेशे से बने धागे से बने बच्चों के कपड़े की देखते ही देखते देश ही नहीं दुनिया के विभिन्न देशों में मांग बढ़ने लगी। बांस के रेशे से बने कपड़े मुलायम होने की वजह से बच्चों के लिए मुफीद हैं। यही वजह है कि देश में कई बड़े अस्पतालों के परिसर में उनके शोरूम हैं। स्वप्निल बताते हैं कि वर्तमान में कंपनी के उत्पादों के शोरूम अमेरिका, सऊदी अरब, आस्ट्रेलिया में हैं।
गोरखपुर के दो और युवा पहले भी फोर्ब्स में बना चुके हैं स्थान
पराली से मकान का स्ट्रक्चर बनाने के लिए 2021 में गोरखपुर की श्रृति पांडेय का नाम फोर्ब्स पत्रिका के लिए चयनित हुआ था। उनकी कंपनी धान के पुआल और गेहूं के डंठल से बोर्ड और पैनल बनाती है। यह पैनल मजबूत, ध्वनि-रोधी, नमी-रोधी होते हैं। इसी तरह शहर के सिद्धार्थ श्रीवास्तव भी 2022 में फोर्ब्स के 30 साल के कम उम्र में 30 प्रतिशाली लोगों की सूची में शामिल हो चुके हैं। एचबीटीआइ कानपुर से बीटेक करने वाले सिद्धार्थ ने अपने दोस्तों रविश अग्रवाल और स्वतंत्र कुमार के साथ मिलकर स्टार्टअप में एक ऐप विकसित किया। इस ऐप के जरिए 25 हजार से अधिक लोग देश-दुनिया के विभिन्न कंपनियों में नौकरी हासिल कर चुके हैं।
देश-विदेश के प्रतिष्ठित उद्यमी कर चुके हैं निवेश
स्वप्निल की कंपनी में देश और विदेश के कई प्रतिष्ठित उद्यमी निवेश कर चुके हैं। कई निवेश को इच्छुक हैं। पिछले दिनों माइक्रोटेक कंपनी के एमडी की तरफ से निवेश हुआ था। जापान के एक प्रतिष्ठित उद्यमी ने भी कंपनी में 30 करोड़ का निवेश किया है।




साइन इन