डीजे को लेकर खूनी संघर्ष में एक और युवक की मौत, आरोपी का हाफ एनकाउंटर
सुल्तानपुर के जनऊपुर में डीजे विवाद में एक और व्यक्ति की मौत हो गई है। इससे मरने वालों की संख्या दो हो गई है। वहीं, मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर दीपक सोनकर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

Sultanpur News: सुलतानपुर में देहात कोतवाली क्षेत्र के जनऊपुर गांव में डीजे की आवाज को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद गुरुवार की शाम खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में घायल एक औऱ युवक ने दम तोड़ दिया है। इस तरह मरने वालों की संख्या दो हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हैं। मृतकों में एक पक्ष के मोहित सोनकर और दूसरे पक्ष के रमेश सोनकर की जान गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं, मामले में आरोपी एक हिस्ट्रीशीटर का हाफ एनकाउंटर कर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार जनऊपुर निवासी रमेश सोनकर के बच्चे गुरुवार की शाम होली के जश्न में डीजे बजा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी होमगार्ड वीरेंद्र सोनकर के परिजनों ने आवाज धीमी करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
हिस्ट्रीशीटर के साथ हमले का आरोप
पुलिस को दी गई तहरीर में वीरेंद्र सोनकर की पत्नी शारदा देवी ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी रमेश सोनकर अपने रिश्तेदार लंभुआ थाने के हिस्ट्रीशीटर दीपक उर्फ भोलू सोनकर, रामस्वारथ उर्फ रामकुमार, विपिन और लल्लू की पत्नी के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पर हमला बोल दिया। आरोप है कि इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर दीपक सोनकर ने फायरिंग कर दी। गोली वीरेंद्र सोनकर, उनके बेटे मोहित और मंगल को गोली लग गई। मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल भी हुए। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां मोहित की मौत हो गई, जबकि मंगल और वीरेंद्र को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
दूसरे पक्ष के रमेश सोनकर की जान गई
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से गुलाबा सोनकर पत्नी रमेश सोनकर ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वीरेंद्र सोनकर अपने बेटों मोहित, मंगल और श्यामलाल सोनकर, सोमे सोनकर के साथ उनके घर पर हमला कर दिया। मारपीट में उनके पति रमेश सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
पुलिस मुठभेड़ में आरोपी हिस्ट्रीशीटर दीपक गिरफ्तार
जनऊपुर गोलीकांड का मुख्य आरोपी लंभुआ थाना क्षेत्र के धोपाप गांव निवासी दीपक उर्फ भोलू घटना के बाद फरार हो गया था। देहात कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। असलहा बरामदगी के दौरान उसकी पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इसमें उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।
गांव में पसरा सन्नाटा, कई थानों की फोर्स तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। रमेश सोनकर के घर सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं वीरेंद्र सोनकर के परिवार के लोग घर पर मौजूद हैं। एहतियात के तौर पर धम्मौर, देहात कोतवाली, नगर कोतवाली, शिवगढ़ और बंधुआकला थाने की पुलिस और पीएसी गांव में तैनात कर दी गई है। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
तीन दिन पहले भी हिस्ट्रीशीटर पर लगा था धमकाने का आरोप
बताया जाता है कि 2 मार्च को जनऊपुर गांव की एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों को आशंका थी कि हिस्ट्रीशीटर दीपक सोनकर ने उसे अगवा कर कहीं छिपा दिया है। सूत्र बताते हैं कि दीपक ने लड़की के परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी थी। हालांकि इसकी जानकारी पुलिस को होने के बावजूद उस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। अगले दिन युवती बरामद हो गई थी। गांव में चर्चा है कि यदि उस समय पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की होती तो शायद जनऊपुर में यह खूनी वारदात टल सकती थी।




साइन इन