Statue of Korean Queen Suri Ratna unveiled in Ayodhya, three-day Christmas feast begins in the city of Ram अयोध्या में कोरियाई महारानी सूरी रत्ना की मूर्ति का अनावरण, राम नगरी में 3 दिवसीय क्रिसमस फीस्ट शुरू, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

अयोध्या में कोरियाई महारानी सूरी रत्ना की मूर्ति का अनावरण, राम नगरी में 3 दिवसीय क्रिसमस फीस्ट शुरू

अयोध्या में कोरियाई महारानी सूरी रत्ना की मूर्ति का अनावरण किया गया है। इसके साथ ही राम नगरी में तीन दिवसीय क्रिसमस फीस्ट भी शुरू हो गया है। सरयू के पास इंडो-कोरियन पार्क में कोरिया गणराज्य की राजधानी सियोल से अयोध्या लाई गई मूर्ति स्थापित की गई है।

Thu, 25 Dec 2025 06:50 AMYogesh Yadav अयोध्या। संवाददाता
share
अयोध्या में कोरियाई महारानी सूरी रत्ना की मूर्ति का अनावरण, राम नगरी में 3 दिवसीय क्रिसमस फीस्ट शुरू

राम की नगरी अयोध्या में सरयू तट पर स्थित इंडो-कोरियन पार्क में दक्षिण कोरिया की महारानी सूरी रत्ना (क्वीन हो) की भव्य कांस्य प्रतिमा का विधिवत अनावरण महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने किया। यह ऐतिहासिक अवसर भारत और कोरिया गणराज्य के बीच लगभग 2000 वर्ष पुराने सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने वाला है। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। इस आयोजन में कोरियाई प्रतिनिधि मंडल को भी शामिल होना था। बताया गया कि कोहरे के कारण फ्लाइट निरस्त होने से कोरियाई दूतावास के अधिकारियों का शिष्ट मंडल यहां नहीं पहुंच सका।

इस अवसर पर महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि आज का दिन भारत और कोरिया गणराज्य के अंतरराष्ट्रीय संबंधों में एक नया और विशेष आयाम जोड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि अयोध्या की वह राजकुमारी, जो लगभग 2000 वर्ष पूर्व समुद्री मार्ग से कोरिया गई थीं, वहां के कारक वंश की जननी मानी जाती हैं। दक्षिण कोरिया में उनका गहरा सम्मान और व्यापक प्रभाव है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अयोध्या राम मंदिर का परिसर और बड़ा होगा, खरीदी जाएगी बाहरी दीवार के पास की जमीन

महापौर ने कहा कि केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार ने भारत-कोरिया के इन ऐतिहासिक सांस्कृतिक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के लिए इस स्मारक का निर्माण कराया है। उसी क्रम में महारानी हो की प्रतिमा की स्थापना शुभ अवसर का प्रतीक है।

प्रतिमा की विशेषता व ऐतिहासिक महत्व

पार्क की चीफ कोऑर्डिनेटर वंदना शर्मा ने बताया कि क्वीन हो मेमोरियल पार्क अयोध्या और कोरिया के ऐतिहासिक रिश्तों का प्रतीक स्थल है। महारानी हो अयोध्या की राजकुमारी थीं, जो लगभग 2000 वर्ष पूर्व समुद्री मार्ग से कोरिया गईं और वहां के राजा से विवाह किया। उनके माध्यम से दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों की मजबूत नींव पड़ी। उन्होंने जानकारी दी कि स्थापित की गई प्रतिमा लगभग 12 फुट ऊंची है। रॉक स्टोन मटेरियल से निर्मित यह प्रतिमा अत्यंत आकर्षक ढंग से डिजाइन की गई है। इसका निर्माण कोरिया के कुशल कारीगरों द्वारा किया गया है और इसे अयोध्या तक लाने में लगभग 20 दिन का समय लगा।

अतीत से होगा वर्तमान का साक्षात्कार

पार्क में आने वाले दर्शकों का गौरवशाली अतीत से साक्षात्कार हो और भावी पीढ़ी भी इतिहास से अवगत हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया है। पार्क में ध्यान केंद्र, प्रदर्शनी कक्ष के साथ विशाल सरोवर एवं उस पर आकर्षक सेतु का निर्माण किया गया है। सेतु के एक छोर पर राजा सूरो का किंग पवेलियन तथा दूसरे छोर पर अयोध्या का प्रतिनिधित्व करता रानी हो का क्वीन पवेलियन स्थित है। राजकुमारी सूरी रत्ना की कोरिया यात्रा की प्रतीकात्मक नाव तथा मार्ग में प्राप्त गोल्डन एग भी पार्क में स्थापित किया गया है। उधर अनावरण समारोह के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं की अलग-अलग प्रतियोगिताएं भी शुरू हो गई। विजेताओं को अयोध्या क्रूज लाइन के निदेशक राहुल शर्मा ने पुरस्कृत किया।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।