स्पाइसजेट की महिला कर्मचारी की कमरे में मिली लाश, व्हाट्सएप स्टेटस देख पहुंचे लोग
सोमवार की सुबह व्हाट्सएप स्टेटस देखकर मकान मालिक के होश उड़ गए। वह दौड़े-दौड़े शिवांगी के कमरे पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब कई बार दरवाजा खटखटाने और जोर-जोर से आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी।

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर एयरपोर्ट पर तैनात स्पाइसजेट एयरवेज की सिक्योरिटी एग्जीक्यूटिव शिवांगी वर्मा अपने कमरे में बेड पर मृत पाई गईं। 24 वर्षीय शिवांगी वर्मा के व्हाट्सएप स्टेटस पर ‘मैं जहर खाने जा रही हूं’ लिखा देख परेशान मकान मालिक और अन्य लोग आनन-फानन शिवांगी के कमरे पर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को खबर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर बेड पर शिवांगी मृत पड़ी थीं। इस मामले में फिलहाल कोई सुसाइड नोट सामने नहीं आया है। शिवांगी द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है लेकिन उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया? यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है।
शिवांगी, उत्तर प्रदेश के बलिया के उभाव थाना क्षेत्र के मालीपुर गांव की रहने वाली थीं। गोरखपुर में तैनाती के चलते पिछले एक साल से वह शहर की सैनिक कुंज कॉलोनी में लक्ष्मी मार्केट के पास एक मकान में किराए पर कमरा लेकर रहती थीं। रविवार की रात उनके व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा था- ‘मैं जहर खाने जा रही हूं।’ सोमवार की सुबह स्टेटस देखकर मकान मालिक के होश उड़ गए। वह दौड़े-दौड़े शिवांगी के कमरे पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
जब कई बार दरवाजा खटखटाने और जोर-जोर से आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उन्हें किसी अनहोनी का संदेह हुआ और उन्होंने एम्स थाने की पुलिस को इसकी जानकारी दी। इस दौरान वहां आसपास के अन्य लोग भी जुट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी पहले दरवाजा खटखटाकर खुलवाने की कोशिश की लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। अंत में दरवाजा तोड़ा गया।
दरवाजा टूटने के बाद पुलिस अंदर पहुंची तो बेड पर शिवांगी मृत पड़ी थीं। पुलिस ने तत्काल उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी। कमरे की जांच-पड़ताल की और शिवांगी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार को दिन में ही शिवांगी के शव का पोस्टमार्टम हुआ। इस बीच पुलिस की सूचना पर शिवांगी के परिवार के लोग भी गोरखपुर पहुंच गए थे। पोस्टमार्टम के बाद शिवांगी का शव लेकर वे अपने गांव के लिए रवाना हो गए। शिवांगी के परिवार में उनके माता-पिता के अलावा तीन बहनें और दो भाई हैं।
वजह साफ नहीं
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार परिस्थितियां साफ-साफ बता रही हैं कि शिवांगी ने आत्महत्या की है। लेकिन उन्होंने आत्महत्या क्यों की यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है। अभी तक कोई सुसाइड नोट भी सामने नहीं आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल में जुटी है।




साइन इन