यूपी में सभी जिलों में इस काम के लिए 50 एकड़ जमीन जल्द करें चिह्नित, योगी के सख्त निर्देश
उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में ‘सरदार वल्लभ भाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ को विकसित किया जाएगा। हर जिले में जल्द उपयुक्त स्थलों पर भूमि को चिह्नत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसे न्यूनतम 50 एकड़ जमीन पर स्थापित करें।

यूपी में प्रशिक्षण, कौशल विकास व उद्यमिता के एकीकृत केंद्र के रूप में ‘सरदार वल्लभ भाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ को विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को इन एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन के लिए हर जिले में जल्द उपयुक्त स्थलों पर भूमि को चिह्नत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसे न्यूनतम 50 एकड़ जमीन पर स्थापित करें।
मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जिलों में इस जोन को चरणबद्ध रूप से विकसित किया जाए। उद्योगों को प्लग एंड प्ले की सुविधा दी जाए। योगी ने कहा कि उप्र की औद्योगिक नीति का लक्ष्य ऐसा सक्षम वातावरण तैयार करना है, जहां युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता के अवसर एक ही परिसर में सुलभ हों। उन्होंने निर्देश दिए कि इस महत्वाकांक्षी योजना को स्थानीय आवश्यकताओं व क्षेत्रीय संभावनाओं के अनुरूप प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। यह जोन उद्योग, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार तथा उद्योग-सहायता से जुड़े विभागों व सुविधाओं को एकीकृत रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। एमएसएमई, सेवा आधारित, उद्योगों व नवाचार से जुड़े क्षेत्रों को प्रोत्साहित करने के लिए प्लग एंड प्ले यूनिट व फ्लैटेड फैक्ट्री जैसी सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया जाए। जिससे उद्यमियों को प्रारंभ से ही आवश्यक अवसंरचना उपलब्ध हो सकें।
बैठक में मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत कॉमन फैसिलिटी सेंटर, टेस्टिंग फैसिलिटी, डिस्प्ले एवं डिजाइन सेंटर, टूल रूम, ईटीपी व सीईटीपी, प्लग एंड प्ले यूनिट व फ्लैटेड फैक्ट्री की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। युवाओं को कौशल उन्नयन के लिए उद्यमिता प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी भी इसी परिसर में दी जाएगी।
औद्योगिक विकास व रोजगार सृजन का प्रभावी मॉडल
योगी ने बैठक में कहा कि सरदार पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन को स्थापित करने का कार्य सभी जिलों में तेजी से किया जाए। यह पहल प्रदेश में औद्योगिक विकास व रोजगार सृजन का एक प्रभावी मॉडल बनेगा।
अच्छे वेतन पर युवाओं को मिलेगा रोजगार
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इन जोन में स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रशिक्षण, कौशल विकास, इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप तथा संबंधित उद्योगों में वेतन आधारित रोजगार की व्यवस्था की जाएगी। जिसमें प्रयास होगा कि क्षमता के आधार पर युवाओं को अच्छा वेतन मिले।




साइन इन