जायदाद में हिस्सा मांग रहा था बेटा; पिता ने हत्या कर शव फंदे से टांग दिया, सदमे में पत्नी
पूछताछ में ब्रजेश ने बताया कि उनका बेटा पुष्पम कुछ समय से संपत्ति में हिस्सा मांग रहा था। आएदिन इसको लेकर विवाद होता था। रोज-रोज के झगड़े से तंग आकर उसने पुष्पम की गला घोंटकर हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।

हमीरपुर जिले में अपने हिस्से की जायदाद मांगना एक बेटे के लिए काल साबित हुआ। पिता ने ही उसकी गला घोटकर हत्या कर दी और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से टांग दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोटकर हत्या की पुष्टि के बाद पुलिस ने जांच-पड़ताल कर हत्यारोपी पिता को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया। बिवांर क्षेत्र के निवादा गांव निवासी 30 वर्षीय पुष्पम चंदेल का शव 25 अप्रैल की सुबह उसी के घर में फंदे से लटकता मिला था।
पिता ने बेटे की हत्या कर शव फंदे से लटकाया
पुष्पम नेयवेली पावर प्लांट में काम करने वाली एक कंपनी में नर्सिंग स्टाफ के पद पर तैनात था। पिता ब्रजेश चंदेल की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी गला घोटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पत्नी आरती ने 29 अप्रैल को थाने में अपने ससुर ब्रजेश चंदेल पर पति की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने ब्रजेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। थानाध्यक्ष नंदराम प्रजापति ने बताया कि गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
संपत्ति में हिस्सा मांग रहा था बेटा, रोज होते थे झगड़े
पूछताछ में ब्रजेश ने बताया कि उनका बेटा पुष्पम कुछ समय से संपत्ति में हिस्सा मांग रहा था। आएदिन इसको लेकर विवाद होता था। रोज-रोज के झगड़े से तंग आकर उसने पुष्पम की गला घोंटकर हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। इस खौफनाक खुलासे के बाद पुलिस ने ब्रजेश को जेल भेज दिया। पुष्पम की मौत के बाद परिजनों में कोहराम का माहौल है। घर वालों को ये सुन कर और झटका लगा कि पिता ने ही अपने बेटे का कत्ल किया है। पुष्पम की पत्नी आरती को जैसे सदमा सा लगा। पड़ोस में भी इस घटना से लोग चिंतित हैं।
पिता के हाथ पति की हत्या से पत्नी सदमे में
पिता के हाथों पति की हत्या के बाद से पत्नी का बुरा हाल है। ससुर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने वाली आरती अब दहेज में मिली बाइक को वापस करने की मांग पर अड़ी है। आरती का कहना है कि उसके पति को दहेज में जो बाइक मिली थी वो वर्तमान समय में देवर अनुपम के पास है। थाने में आरती ने बाइक दिलाए जाने को लेकर अड़ी रही। जिसके बाद दरोगा रविशंकर ने उसे जल्द बाइक वापस दिलाए जाने का आश्वासन देकर शांत कराया।




साइन इन