बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर में कोतवाल समेत 4 पुलिसकर्मी पर तगड़ा ऐक्शन, आरोपियों पर 50-50 हजार इनाम
उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर में कोतवाल समेत 4 पुलिसकर्मी पर तगड़ा ऐक्शन हुआ है। फरार आठ आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। एक दिन पहले ही इन पर एसएसपी की ओर से 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

UP News : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में ट्रिपल मर्डर केस (Bulandshahr triple murder case) में तगड़ा ऐक्शन हुआ है। यहांखुर्जा में शनिवार रात हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड में एसएसपी ने खुर्जा कोतवाल और चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी में शिथिलता बरतने और खुफिया तंत्र की विफलता भी सामने आई है। उधर, डीआईजी ने हत्याकांड में फरार आठ आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। एक दिन पहले ही इन पर एसएसपी की ओर से 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
खुर्जा के एक जिम में बर्थडे पार्टी के दौरान शनिवार रात भाजपा नेता के दो भाइयों और भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, जबकि एक आरोपी का नाम जांच के दौरान प्रकाश में आया। पुलिस अभी तक तीन आरोपियों को ही गिरफ्तार कर सकी है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने शेष आरोपियों की गिरफ्तारी न होने को पुलिस की लापरवाही मानते हुए मंगलवार सुबह कोतवाल खुर्जा नगर प्रेमचंद शर्मा को सस्पेंड कर दिया। चौकी प्रभारी बुर्ज उस्मान उपनिरीक्षक प्रीतम सिंह, मुख्य आरक्षी समीम अहमद और आरक्षी पारस यादव को भी निलंबित किया गया है। एसएसपी के अनुसार क्षेत्र में चल रही संदिग्ध गतिविधियों और आपसी रंजिश की भनक न लग पाने के कारण इतनी बड़ी वारदात हुई।
फरार आरोपियों पर इनाम की राशि बढ़ा दी गई है
मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने तिहरे हत्याकांड में फरार सभी आठ आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। सोमवार को एसएसपी ने सभी फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस की आठ टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। जिन आरोपियों पर इनाम घोषित हुआ उनमें मुख्य आरोपी जीतू सैनी, रवि सैनी, अनुज, रिंकू, सौरभ उर्फ सीटू, मनीष, सोनू और भारत सैनी शामिल हैं। इनाम घोषित होने के बाद अब आरोपियों पर कुर्की की कार्यवाही भी अमल में लाई जा सकती है। पुलिस की स्वाट टीम और सर्विलांस सेल को भी आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने में लगाया गया है।
कहना इनका...
डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने बताया कि सभी आठ फरार आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस की आठ टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही फरार आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
,




साइन इन