ताकि ये बेईमानी कर सकें, बिहार एक्जिट पोल में NDA की बढ़त को अखिलेश ने बताया साजिश; क्या बोले
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आए एक्जिट पोल में एनडीए को बढ़त दिखाए जाने पर अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश ने इसे साजिश बताते हुए बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल केवल भूमिका बना रहे ताकि ये लोग बेईमानी कर सकें।

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को आए एक्जिट पोल में एनडीए को बढ़त दिखाए जाने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने ढंग से प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे साजिश बताते हुए बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल केवल भूमिका बना रहे ताकि ये लोग बेईमानी कर सकें। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यूपी के एक्जिट पोल में क्या दिखा रहे थे। सब हरा रहे थे हमें। हुआ क्या? फर्रुखाबाद में उस समय के डीएम ने बेइमानी की। 2022 में कन्नौज सीट पर डीएम ने बेइमानी की। ये हमें और आपको स्वीकार करना पड़ेगा कि भाजपा एग्जिट पोल और चैनलों का इस्तेमाल नैरेटिव सेट करने के लिए इस्तेमाल करती है।
इसके अलावा अखिलेश यादव ने दिल्ली ब्लास्ट पर कहा कि पीएम ने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई होगी। लेकिन सवाल तो वहीं खड़ा हो जाता है कि इंटेलिजेंस कैसे फेल हो जाती है। कैसे उसे पता नहीं चला? या तो इंटेलिजेंस खत्म कर दिया जाए या उसे मजबूत किया जाए।
अखिलेश ने कहा कि एसआईआर की कमियां इकट्ठा की जा रहीं। लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। इलेक्शन कमीशन को भेजेंगे। पीडीए प्रहरी सुनिश्चित करेंगे कि सभी को वोट का अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ में एक विधानसभा की सूची है ही नहीं। अयोध्या में पढ़ने में नहीं आ रही। सभी को इन सब में उलझाया जा रहा है ताकि वो महंगाई और बाकी जरूरी मसलों को सोच न सकें। बिजली विभाग में पूरे कॉरपोरेशन का लोन खत्म कर दिया था। फिर लाकर वहीं खड़ा कर दिया। बेचना चाहते हैं तो बेच दें। सब बेच ही तो रहे। बस स्टैंड बेच दिया। जनेश्वर मिश्र पार्क बेच दिया। हवाई अड्डा बेच दिया। जेपीएनआईसी बेचना चाहते हैं। ये नकल करने में बहुत आते हैं। कुछ करते नहीं, बस प्रचार करते हैं। कभी वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट बताएंगे। कभी ये बताएंगे कि यूनेस्को ने नाम दर्ज कर लिया। लखनऊ में कौन सा खाना प्रसिद्ध है, यह नहीं बताएंगे? वेज कवाब तो नहीं है।
नई पीढ़ी सबको साथ लेकर चलना चाहती
अखिलेश ने कहा कि सरकार जरूरी कुछ नहीं बोल रही। किसानों की मंडियों की ओर नहीं सोच रही। नई पीढ़ी सबको साथ लेकर चलना चाहती है। उसका व्यवहार दोस्ताना होता है। सोच बड़ी होती है। हर धर्म के प्रति सहिष्णु होती है। सबके लिए प्रेम होता है। पर्यावरण की समस्या को समझती है। इंसानियत से भरी होती है। अमन चैन और तरक्की चाहती है। लेकिन ऐसी सरकार है जो खुद भी दुखी है और लोगों को भी दुखी रखना चाहती है। ये सरकार एक्सप्रेस वे को बलिया से जोड़ देती तो कितना बेहतर होता। पूर्व मंत्री राम गोविंद चौधरी अपनी विधानसभा क्षेत्र में मुलायम सिंह यादव के नाम पर हॉफ मैराथन कराएंगे। स्पोर्ट्स किट अखिलेश ने लॉन्च की।




साइन इन