महाविद्यालय में एनएसएस की संगोष्ठी का आयोजन
Shamli News - कैराना में विजय सिंह पथिक महाविद्यालय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. हरेंद्र सिंह ने इसे महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। छात्रों ने महिला भागीदारी के फायदों पर विचार साझा किए, जिसमें 33% सीटें आरक्षित करने का प्रावधान शामिल है।
कैराना। विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 प्रचार अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरेंद्र सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे देश की दिशा निर्धारित होगी। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. डॉली ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी से भारतीय लोकतंत्र मजबूत, सुदृढ़ एवं समावेशी बनेगा। संगोष्ठी में छात्र एवं छात्राओं ने अपने विचार व्यक्त किए। आयशा सिराजी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 में लोकसभा, राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है।
यह महिला सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का ऐतिहासिक कानून है। संध्या ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाकर लोकतंत्र को अधिक समावेशी बनाने का महत्वपूर्ण कदम है। विधि ने कहा कि महिलाओं का राजनीतिक सशक्तिकरण लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। इससे नीतियां अधिक समावेशी, संवेदनशील और न्यायपूर्ण होती हैं। समाज का समग्र विकास सुनिश्चित होता है। आकाश ने कहा कि महिलाओं का राजनीतिक सशक्तिकरण लैंगिक समानता सुनिश्चित करता है। इससे निर्णय प्रक्रिया में विविधता आती है और विकास योजनाएं महिलाओं की वास्तविक जरूरतों को प्रतिबिंबित करती हैं। रेयान ने कहा कि महिलाओं का राजनीतिक सशक्तिकरण समाज में लैंगिक भेदभाव कम करता है। इससे शासन अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और समानता आधारित बनता है। ज्योति ने कहा कि महिलाओं का राजनीतिक सशक्तिकरण ग्रामीण क्षेत्रों में भी निर्णय लेने की प्रक्रिया को प्रभावित करता है। इससे बाल विवाह, दहेज जैसी कुरीतियां कम होती हैं तथा महिला सुरक्षा मजबूत बनती है। सभी छात्र एवं छात्राओं द्वारा इस अधिनियम का स्वागत किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन