सार्वजनिक स्थानों पर न हो कुर्बानी, अवशेष भी खुले में न फेंके: डीएम
Shahjahnpur News - बकरीद को लेकर डीएम-एसपी ने धर्मगुरुओं संग की बैठक। शाहजहांपुर, संवाददाता। आगामी 28 मई को मनाए जाने वाले बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ

शाहजहांपुर। आगामी 28 मई को मनाए जाने वाले बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिला प्रशासन की ओर से बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईदगाह कमेटी के सदस्य, धर्मगुरु, उलेमा, संभ्रांत नागरिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में चर्चा
बैठक के दौरान बताया गया कि बड़ी ईदगाह में ईद-उल-अजहा की नमाज सुबह साढ़े सात बजे अदा की जाएगी। इसके बाद घरों, निर्धारित स्थलों और मदरसों में कुर्बानी की जाएगी। धर्मगुरुओं ने बैठक में टूटी सड़कों की मरम्मत, निर्बाध बिजली आपूर्ति, कुर्बानी के अवशेषों के उठान, छुट्टा पशुओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग उठाई।
प्रशासन के निर्देश
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और कुर्बानी के अवशेषों के निस्तारण से जुड़े सभी कार्य 28 मई से पहले पूरे करा लिए जाएं। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी न करने और अवशेष खुले में न फेंकने की अपील की।
पुलिस की तैयारियां
एसपी सौरभ द्विवेदी ने कहा कि पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं और कुर्बानी के वीडियो साझा न करने की अपील करते हुए कहा कि माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, शहर पेश इमाम हुजूर अहमद मंजरी, नूरी मस्जिद के पेश इमाम इलियास अत्तारी, ईदगाह कमेटी के सचिव कासिम रजा समेत कई अधिकारी और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन