यूपी में अब समन तामीला ईमेल और व्हाट्सएप पर मान्य होगा, योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला
यूपी में अब समन तामीला ईमेल और व्हाट्सएप पर मान्य होगा। अब न्यायालयों में लंबित वादों के लिए ई-समन जारी किए जाएंगे। अभी तक तामीला व्यक्तिगत रूप से होता था। योगी कैबिनेट में बदलाव किए हैं।

Yogi cabinet: योगी कैबिनेट की बैठक में प्रशासनिक प्रक्रिया को सरल और आधुनिक बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब न्यायालयों में लंबित वादों के लिए ई-समन जारी किए जाएंगे। यूपी में अब समन तामीला ईमेल और व्हाट्सएप पर मान्य होगा। अभी तक तामीला व्यक्तिगत रूप से होता था। योगी कैबिनेट में उत्तर प्रवेश इलेक्ट्रोनिक आदेशिका तामीला निष्पादन नियम 2026 और उत्तर प्रदेश दण्ड विधि (अपराथों' का समन और विचारणों का उपशमन संशोधन) द्वितीय अध्यादेश 2026 प्रस्ताव पास हो गया।
योगी कैबिनेट बैठक में कुल 29 फैसले हुए हैं। राज्य सरकार ने मनचाहा तबादला पाने के इंतजार में बैठे राज्य कार्मिकों को बड़ी राहत दी है। इसके लिए सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों की वार्षिक स्थानांतरण नीति 2026-27 को मंजूरी दी गई है। विभागाध्यक्ष अपने मंत्रियों की सहमति से 31 मई तक कार्मिकों का स्थानांतरण कर सकेंगे। सेवानिवृत्ति में दो साल बचने वाले कार्मिकों को उनके गृह जिले में तैनाती पर विचार होगा। इसके साथ ही निशक्त बच्चों के माता-पिता को उनके अनुरोध के आधार पर तबादले पर विचार होगा।
फिरोजाबाद में निजी क्षेत्र का अमरदीप विश्वविद्यालय खुलेगा
यूपी में निजी क्षेत्र के एक और विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दे दी गई है। फिरोजाबाद में अमरदीप विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। सोमवार को कैबिनेट की बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई।उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि फिरोजाबाद में निजी क्षेत्र के अमरदीप विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए प्रयोजक संस्था को आशय पत्र जारी करने को मंजूरी दे दी गई है। फिरोजाबाद के पचवान गांव में कुल 20.08 एकड़ भूमि पर यह विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। प्रयोजक संस्था अमरदीप मेमोरियल ट्रस्ट को इस निजी विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए आशय पत्र जारी करने की संस्तुति की गई है। यूपी में लगातार निजी क्षेत्र के विश्वविद्यालय स्थापित करने को मंजूरी दी जा रही है। जिससे उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए युवाओं को बड़े शहरों की ओर दौड़ न लगानी पड़े।
यीडा में 653 करोड़ की लागत से लगेगा ट्रांसमिशन उपकेंद्र
गौतमबुद्ध नगर स्थित यमुना एक्सप्रेसवे इंडिस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (यीडा) में 653 करोड़ रुपये की लागत से पारेषण उपकेंद्र लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक ने इसकी मंजूरी दे दी। नोएडा और यीडा क्षेत्र में नए उद्योग लग रहे हैं। कई और प्रस्तावित भी हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण, डाटा सेंटर, फिल्म सिटी व अन्य औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं। इनमें और भी इजाफा होगा। ऐसे में इन उद्योगों के लिए बिजली की मांग प्रभावित न हो, इसके लिए पारेषण उपकेंद्र की स्थापना की जा रही है। 400/220 केवी 3×500 एमवीए उपकेंद्र सेक्टर-28 यीड में लगाया जाएगा। उपकेंद्र लगाने और संबंधित लाइनें बिछाने में लगभग 653.53 करोड़ रुपये के खर्च का अनुमान है।




साइन इन