खजाने की खोज में खोदी यूपी पथरबंदी महादेव मंदिर की दीवार, रातभर काटते रहे पत्थर
यूपी के प्रयागराज में स्थित पथरबंदी महादेव मंदिर में खजाने की खोज में दीवार खोद दी गई। कुछ लोग रातभर यहां पत्थर काटते रहे। पूरे परिसर को अस्तव्यस्त कर दिया। भोर होने पर ग्रामीणों को आता देख सभी भाग निकले।

यूपी के प्रयागराज में खजाने की खोज में एक मंदिर की दीवार खोद दी गई। बारा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत छीड़ी की पहाड़ी पर स्थित पथरबंदी महादेव मंदिर के परिसर को अस्त-व्यस्त कर दिया गया। रविवार सुबह जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पथरबंदी महादेव मंदिर में दीवार काट कर खोदाई करने से मंदिर में गड़े खजाने की चर्चा शुरू हो गई है। क्षेत्रीय लोगों का मानना है कि मंदिर परिसर में प्राचीन खजाना छिपा है। उसी की तलाश में चोरों द्वारा यह काम किया गया है किन्तु उस खजाने तक कोई पहुंच नहीं सकता है।
ग्राम प्रधान सतीश कुमार गुप्ता की सूचना पर बारा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थलीय निरीक्षण किया। प्रधान की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है। क्षेत्र के छीड़ी पहाड़ी पर भगवान भोलेनाथ का प्राचीन मंदिर है जिसे क्षेत्रीय लोग पथरबंदी महादेव मंदिर कहते हैं। यहां शिव परिवार के अतिरिक्त हनुमानजी एवं अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां हैं।
प्रति वर्ष पौष माह की त्रयोदशी, अधिमास, सावन आदि माह में मेला लगता है। शनिवार रात मंदिर की पीछे की दीवार काट कर चोर अंदर घुस गए। शिवलिंग के पास रात भर पत्थरों को काटते रहे और भोर होते ही भाग गए। सुबह ग्रामीणों ने मंदिर की दीवार टूटी देखी तो आश्चर्य में पड़ गए।
चंद दूरी पर चलता है क्रशर प्लांट
पथरबंदी महादेव मंदिर से चंद दूरी पर ही एक क्रशर प्लांट रात भर चलता है। उसमें सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। असामाजिक तत्व रात भर बड़े बड़े पत्थरों को हटाते रहे किंतु किसी को भी जानकारी नहीं हुई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी जांच के लिए ले रही है।
पर्यटन विभाग की टीम पहुंची
एक ओर मंदिर परिसर को अस्त-व्यस्त कर दिया गया दूसरी ओर रविवार को ही मंदिर के सुंदरीकरण के लिए पर्यटन विभाग की टीम भी पहुंच गई। ग्राम प्रधान सतीश गुप्ता के अनुसार पर्यटन विभाग से मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए आज एक टीम भी आई थी जिसने मंदिर परिसर में करीब डेढ करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट जिसमें बाउंड्रीवॉल, यात्री विश्रामालय, सत्संग भवन, यज्ञशाला सहित मंदिर में टाइल्स और मार्बल का सौंदर्यीकरण करने की बात कही। पर्यटन विभाग से अजय रविंद्र मौके पर पहुंचे थे।
नायब तहसीलदार विजय कुमार के अनुसार पथरबंदी महादेव मंदिर में दीवार काट कर खोदाई की सूचना मिलते ही राजस्व टीम के साथ पहुंचा था। प्रथमदृष्टया छिपा खजाना खोजने वालों का काम लगता है। धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ की बात नहीं लगी। पुलिस विवेचना कर रही है। शीघ्र ही मामले का खुलासा भी हो जाएगा।




साइन इन