दिन में छा गया अंधेरा, आंधी और झमाझम बारिश से बदला मौसम, कई जगह गिरे बिजली के पोल
Sambhal News - जनपद में रविवार शाम मौसम ने अचानक रंग बदला, जिससे तेज आंधी और बारिश आई। इससे कई जगहों पर बिजली के पोल टूट गए और विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे और जलभराव के कारण सड़कों पर परेशानी हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश ने चिंता बढ़ाई।

जनपद में रविवार शाम को मौसम ने फिर से रंग बदला, कुछ देर के लिए दिन में ही रात जैसा अहसास होने लगा। पिछले कई दिनों से लगातार मौसम बदल रहा है लेकिन रविवार शाम आसमान में छाई काली घटाओं ने पूरे माहौल को ही बदल दिया। दिनभर सूरज और बादलों के बीच आंख-मिचौली का खेल चलता रहा, जबकि शाम होते-होते बादलों ने पूरे आसमान को अपनी गिरफ्त में ले लिया। तेज आंधी व बारिश से कई जगहों पर बिजली के पोल टूट गए, जिससे बिजली गुल हो गई। ऐसे में लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। रविवार को अधितम तापमानन 35.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री रिकार्ड किया गया। रविवार शाम चार बजे तेज हवाओं के साथ शुरू हुई झमाझम बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया। वहीं दूसरी ओर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई समस्याएं भी खड़ी कर दीं। बारिश शुरू होते ही लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। कुछ ही देर में शहर की सड़कों पर जगह-जगह पानी भर गया। शंकर कॉलेज चौराहा तथा अस्पताल चौराहा के पास पानी भर गया। जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को कुछ देर परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान बाजारों में भी सन्नाटा पसर गया। आमतौर पर शाम के समय चहल-पहल से गुलजार रहने वाले बाजारों में दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते नजर आए। बच्चों और युवाओं ने मौसम का भरपूर आनंद लिया और कई लोग बारिश का नजारा देखने घरों की छतों और बालकनियों में पहुंच गए। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश और तेज आंधी का असर अधिक दिखाई दिया.
बिजली लाइन पर टूटकर गिरा पेड़
सिंहपुरसानी। क्षेत्र में एक पेड़ टूटकर बिजली लाइन पर गिर गया। जिससे कई गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। किसानों के लिए यह बारिश चिंता का कारण बन गई। खेतों और सड़कों पर सुखाने के लिए रखी गई मक्का की फसल भीग गई। जिससे नुकसान की आशंका बढ़ गई है। गांवों में जगह-जगह जलभराव होने से आवागमन भी प्रभावित रहा। बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी, वहीं अपने पीछे कई चुनौतियां भी छोड़ गई।
गुन्नौर इलाके में तेज आंधी में गिरे पोल व टीनशेड
गुन्नौर। गुन्नौर क्षेत्र में रविवार को मौसम ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि दोपहर बाद दिन में ही रात जैसा नजारा दिखाई देने लगा। अचानक आसमान में काले और धूल भरे बादलों का कब्जा हो गया। तेज हवाओं के साथ उठी धूल ने सड़कों पर दृश्यता बेहद कम कर दी। जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई और कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। कुछ ही देर बाद तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। हवाओं के तेज थपेड़ों से कई स्थानों पर बड़े पेड़ धराशायी हो गए। जबकि बिजली के पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते गुन्नौर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई और कई गांव अंधेरे में डूब गए। आंधी का असर ग्रामीण इलाकों में भी देखने को मिला। जहां कई जगहों पर टिनशेड और छप्पर उड़ गए। अचानक बदले मौसम ने लोगों को हैरत में डाल दिया। हालांकि बारिश से गर्मी से राहत मिली, लेकिन आंधी और बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। बबराला डिवीजन प्रभारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि टीम को क्षेत्र में भेजा गया है अभी सही अनुमान नहीं लगा सकते। कितने खंबे टूटे हैं और कितनी लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। सप्लाई सुचारू कराने के लिए टीमों को लगाया गया है.
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन