बकरीद को लेकर पालिका ने कसी कमर, कर्मचारियों को सौंपी जिम्मेदारी
Sambhal News - नगर पालिका परिषद ने बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और स्वच्छ वातावरण में मनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू की हैं। 735 से अधिक कर्मचारियों को सफाई कार्य में लगाया गया है, और 114 वाहन तैनात किए गए हैं। ईदगाहों, मस्जिदों और डंपिंग ग्राउंड के लिए विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं।

शहर में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पालिका प्रशासन ने इस बार विशेष अभियान चलाया है। अधिशासी अधिकारी डॉ. मणिभूषण तिवारी ने बताया कि पर्व के दौरान शहर का कोई भी इलाका गंदगी से प्रभावित न हो, इसके लिए बड़े स्तर पर संसाधनों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। पालिका प्रशासन ने सफाई और कूड़ा निस्तारण के लिए कुल 114 वाहनों को मैदान में उतारा है। इनमें 37 किराये की ट्रैक्टर-ट्रालियां, 45 मिनी टिपर, 4 डंपर, 8 ट्रैक्टर-ट्रालियां, 3 जेसीबी और 2 ट्रैक्टर लोडर शामिल हैं। इसके अलावा 15 वाहनों को रिजर्व रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत इस्तेमाल किया जा सके। बकरीद के दौरान सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए 735 से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी कर्मचारियों को विशेष ड्यूटी चार्ट के तहत अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह कर्मचारी लगातार तीन दिनों तक सुबह से देर रात तक सफाई कार्य में जुटे रहेंगे। अधिशासी अधिकारी डॉ. मणिभूषण तिवारी ने बताया कि कुर्बानी के दौरान निकलने वाले अवशेषों के कारण नालियां जाम न हों, इसके लिए पहले से ही नाले और नालियों की सफाई तेज कर दी गई है। विशेष मशीनों और अतिरिक्त श्रमिकों की मदद से संवेदनशील इलाकों में निगरानी रखी जाएगी.
ईदगाहों और मस्जिदों में विशेष सफाई अभियान
संभल। शहर की सभी ईदगाहों, मस्जिदों और इमामबाड़ों में भी विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। यहां सफेद चूने का छिड़काव कराया जा रहा है। जबकि दुर्गंध रोकने के लिए विशेष रसायनों का प्रयोग किया जाएगा। पालिका प्रशासन का उद्देश्य है कि पर्व के दौरान लोगों को स्वच्छ और बेहतर माहौल मिल सके.
डंपिंग ग्राउंड पर भी विशेष इंतजाम
संभल। कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों को तुर्तीपुर इल्हा और वाजिदपुरम स्थित डंपिंग ग्राउंड में डाला जाएगा। इन स्थानों पर अपशिष्ट निस्तारण के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। तुर्तीपुर इल्हा डंपिंग ग्राउंड में 100 लीटर बायोकल्चर की व्यवस्था की गई है। जबकि वाजिदपुरम डंपिंग ग्राउंड के लिए चार कुंतल नमक और 300 कुंतल चूना मंगवाया गया है। ताकि दुर्गंध और संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके.
बकरीद पर पालिका अलर्ट, बनाये दो कंट्रोल रूम
संभल। नगर पालिका ने बकरीद पर्व के मद्देनजर सफाई व्यवस्था और जनसुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। एक कंट्रोल रूम नगर पालिका कार्यालय में जबकि दूसरा सरायतरीन क्षेत्र में बनाया गया है। इन केंद्रों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। जो 24 घंटे निगरानी रखते हुए लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान करेंगे। पालिका द्वारा ईद-उल-अजहा के दौरान सफाई, जल निकासी, कूड़ा उठान या अन्य नागरिक समस्याओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। लोग अपनी शिकायतें कंट्रोल रूम नंबर 05923-297456 तथा टोल फ्री नंबर 1533 और 1800-180-1449 पर दर्ज करा सकते हैं.
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन