शौचालय के इस्तेमाल पर बारात में बवाल, दुल्हन के पड़ोसी को दूल्हे ने मारा चाकू, कई हिरासत में लिए गए
यूपी के कन्नौज में शौचालय के इस्तेमाल पर बारात में बवाल हो गया। मारपीट में दूल्हा और उसके पिता भी घायल हो गए। दूल्हे पर भी दुल्हन के पड़ोसी पर चाकू से हमला करने का आरोप लगा है। पुलिस ने दूल्हा उसके पिता समेत कई लोगों को हिरासत में लिया है।

यूपी के कन्नौज में कोतवाली क्षेत्र के कुंवरपुर बनवारी गांव में शौचालय के इस्तेमाल पर बारात में बवाल हो गया। मारपीट में दूल्हा और उसके पिता समेत कई लोग घायल हो गए। दूल्हे पर भी कमर में लटकाए चाकू से दुल्हन के पड़ोसी पर हमला करने का आरोप लगा है। पुलिस ने दूल्हा और उसके साथियों को हिरासत में ले लिया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में भांवरों सहित शादी की रस्में पूरी की गई। दोनों पक्षों के बीच कोतवाली में समझौता हो गया।
क्षेत्र के कुंवरपुर बनवारी गांव निवासी राधामोहन कश्यप की बेटी की रविवार को फर्रुखाबाद के बहादुरगंज तराई गांव से बारात आई थी। रविवार रात में हर्षोल्लास के साथ बारातियों की आवभगत हुई। द्वारचार और जयमाल के बाद सब कुछ हंसी-खुशी निपट गया। आरोप है कि सुबह करीब छह बजे राधामोहन कश्यप के पास उनके पड़ोसी सतेंद्र दीक्षित के दरवाजे पर बने शौचालय का कुछ बारातियों ने प्रयोग किया। जब इसकी जानकारी सतेंद्र को हुई तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए बारातियों से कहा कि यह सार्वजनिक शौचालय नहीं है।
इस पर वहां मौजूद दूल्हा खुशीराम सतेंद्र से उलझ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में गालीगलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। सतेंद्र ने बताया कि इसी दौरान दूल्हे ने सेरबानी से चाकू निकाला और उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। चाकू उनके सीने में जा घुसा।
शोरगुल सुनकर उनकी पत्नी सोनी और उनका भाई जितेंद्र बचाने पहुंचा तो उन लोगों के साथ भी मारपीट कर दी। काफी देर तक बारातियों और सतेंद्र दीक्षित के परिजनों के बीच मारपीट होती रही। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हा समेत कई बारातियों को कोतवाली ले गई। घायल सतेंद्र और जितेंद्र को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। झगड़ा होते ही विवाह की रस्में जहां की तहां रुक गई।
बाद में पुलिस की मौजूदगी में भांवरें पड़ीं और विवाह की अन्य रस्मों को पूरा किया गया। इसके बाद समाज के कुछ संभ्रांत लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। इस संबंध में कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। किसी भी पक्ष ने कार्रवाई करने से मना कर दिया।




साइन इन