गोवा के रेस्तरां में यूपी के परिवार पर हमला, बगल की टेबल पर बची दारू पीने पर विवाद
गोवा के एक लोकप्रिय रेस्तरां में उत्तर प्रदेश के वाराणसी से आए परिवार पर बचे हुए ड्रिंक और कुर्सी को लेकर हुए विवाद के बाद हमला किया गया। पुलिस ने रेस्तरां प्रबंधक और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गोवा में छुट्टियां मनाने गए एक परिवार पर यहां के लोकप्रिय रेस्तरां में हमला किया गया है। उत्तर गोवा के रेस्तरां में वहां के मैनेजर और बाउंसरों ने ही हमला किया। पुलिस ने रेस्तरां मैनेजर और बाउंसरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामला बगल की टेबल पर किसी अन्य ग्राहक द्वारा छोड़े गए ड्रिंक (दारू) को पीने के बाद हुआ। परिवार का हालांकि कहना है कि गलतफहमी के कारण ड्रिंक लिया गया था। इसी को लेकर मैनेजर, वेटर और कुछ बाउंसरों ने उन पर हमला किया। शिकायतकर्ता ने बताया कि एक बाउंसर ने उसे थप्पड़ मारा और उसकी शर्ट खींचने की कोशिश की, जबकि उसके भाई को लोहे की छड़ी से मारा गया।
पुलिस के अनुसार वाराणसी का यह परिवार शनिवार रात करीब 11:30 बजे समुद्र तट के पास स्थित एक लोकप्रिय क्लब में डिनर करने गया था। वहां उन्होंने एक टेबल ली। पास की टेबल पर कुछ बचा हुआ खाना और ड्रिंक रखा था, जिसे पहले के ग्राहक छोड़ गए थे। परिवार के एक सदस्य ने गलती से समझा कि वह भी उनके लिए है और उस ड्रिंक को पी लिया। इसके बाद मैनेजर आया और गाली-गलौज करने लगा। बाउंसरों से हम लोगों को उठाकर बाहर फेंकने की बातें कहने लगा। परिवार ने माफी मांगी और कहा कि वह उस ड्रिंक का भुगतान हमारे बिला के साथ कर दें।
परिवार का आरोप है कि रात करीब 2 बजे जब वह लोग रेस्तरां से निकल रहे थे, तब एक सदस्य ने गलती से एक कुर्सी हटा दी। इस पर प्रबंधक फिर से गालियां देने लगा और वेटर व बाउंसरों के साथ मिलकर परिवार के हमला कर दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि रेस्तरां के प्रवेश द्वार पर एक बाउंसर ने उसके भाई को लोहे की छड़ी से छाती पर मारा जिससे उसका चश्मा टूट गया। जब उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो बाउंसरों ने उसकी टी-शर्ट खींची, थप्पड़ मारे और गालियां दीं। आरोप है कि उन्होंने उसकी बहन को भी धक्का दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गई। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली है और जांच की बात कही जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।




साइन इन