हिजाब हटाओ तब करेंगे इलाज; मुस्लिम महिला ने डॉक्टर पर लगाए गंभीर आरोप, वीडियो वायरल
कानपुर के उर्सला में इलाज कराने पहुंची एक मुस्लिम महिला ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों और सुरक्षा कर्मियों ने उससे चेहरे से हिजाब हटाने को कहा। महिला का दावा है कि ऐसा न करने पर उसे उपचार देने से इनकार कर दिया गया।

UP News: यूपी के कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां जिला महिला अस्पताल डफरिन में इलाज कराने पहुंची एक मुस्लिम महिला ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों और सुरक्षा कर्मियों ने उससे चेहरे से हिजाब हटाने को कहा। महिला का दावा है कि ऐसा न करने पर उसे उपचार देने से इनकार कर दिया गया। इसके बाद उसने अपनी आपबीती का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
महिला ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों के साथ-साथ सुरक्षा गार्डों ने भी हिजाब हटाने को कहा। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इस पूरे प्रकरण में अस्पताल की प्रमुख अधीक्षक डॉ रुचि जैन का कहना है कि महिला वीडियो में मेरे पास आने की बात कह रही है, हालांकि वह नहीं आई। महिला अस्पताल होने के कारण सुरक्षा का भी हमें ध्यान रखना है। नवजात बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए हिजाब उतारने को कहा जाता है। अगर कोई अप्रिय घटना हो जाए तो चेहरा सीसीटीवी में न दिखने पर हम कैसे किसी को पहचान सकते हैं। महिला डॉक्टर के सामने हिजाब हटाने में क्या आपत्ति है।
हिजाब खोलो तभी मिलेगी दवाई
एक मुस्लिम महिला ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। जो देखते ही देखते वायरल हो गया। इस वीडियो में महिला कह रही है, ‘उर्सला में दवाई लेने आए थे तो यहां पर 2 लेडिज डॉक्टर बोल रही हैं कि हिजाब खोल के आओ दवाई लेने। हम अंदर नंबर लगा के आधे घंटे बैठे रहे। उसके बाद बोला जा रहा है कि दवाई लेनी है तो हिजाब खोलो। अब हम ऑफिस जा रहे हैं पता करने कि कौन सा रूल बनाया है? मास्क तो समझ में आता है कि मास्क खोल दो, लेकिन ये हिजाब खोलने के लिए बोल रही हैं। कह रहे हैं यहां पर चोरी बहुत हो रही है।'
मुसलमानों को ही क्यों टारगेट किया जाता है?
महिला ने आगे कहा, 'आप बताओ पर्स हम लोग यहां छुपा लेंगे। अगर चोरी हो रही होगी तो हमें इससे क्या मतलब है? कैमरे जब लगे हैं तो तुम लोग को किस चीज का डर है? हिंदू लड़कियां औरतें सब जा रही हैं। मुसलमान को ही टारगेट क्यों करा जा रहा है? यह कौन सा हिजाब निकाल दिया कि हिजाब खोल के आओ। मैडम ने बोल दिया कि जाकर ऑफिस में पता करके आओ। मेरा मास्क लगा हुआ था। कहने पर मैने मास्क हटा दिया। अब रुचि मैडम का नाम बताया गया।’




साइन इन