Rapid explosions, chilli and spices making breathing difficult, Lucknow area shaken at midnight, chaos ensued ताबड़तोड़ धमाके, मिर्च-मसालों से फूलने लगी सांस, लखनऊ में आधी रात दहला इलाका, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

ताबड़तोड़ धमाके, मिर्च-मसालों से फूलने लगी सांस, लखनऊ में आधी रात दहला इलाका

लखनऊ में मंगलवार की देर रात तीन मंजिला मकान के बेसमेंट और भूतल पर लगी भीषण आग के बाद पूरा इलाका भीषण धमाकों से दहल गया। रिफाइंड ऑयल के केन और सिलेंडर फटने से दहशत हुई तो मिर्च मसालों के धमाकों के साथ उड़ने से सांस लेने में परेशानी शुरू हुई तो अफरातफरी मच गई।

Wed, 3 Dec 2025 07:03 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
ताबड़तोड़ धमाके, मिर्च-मसालों से फूलने लगी सांस, लखनऊ में आधी रात दहला इलाका

राजधानी लखनऊ के चिनहट में मटियारी चौराहे के बेसमेंट और भूतल पर लगी आग दमकलकर्मी बुझा रहे थे, तभी मिठाई की दुकान में रखे सिलेंडर में विस्फोट हो गया। फ्रिज का कंप्रेशर फट गया। किराने की दुकान में रखे ऑयल के केन भी फटने लगे। ताबड़तोड़ धमाकों से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। मकान से सटे अन्य घरों के लोग भी बाहर आ गए। ऑयल के केन के कारण आग और भी भड़क गई। आग की लपटें ऊपर मकान में पहुंचने लगीं। लपटें किराना दुकान में मिर्च और मसाले की बोरियों तक पहुंचीं तो उसके धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कते होने लगी। खांसी आने लगी और सांस फूलने लगी। इससे दमकलकर्मी भी परेशान हो गए। यह देख एफएसओ ने दमकल की एक टीम को ब्रीदिंग आपरेटस (बीए सेट) पहनाकर लगाया। इसके बाद हालात कुछ सामान्य हुए। दमकल कर्मी देर रात तक आग पर काबू पाने में लगे रहे।

दरअसल चिनहट में मटियारी चौराहे पर स्थित नरेंद्र अवस्थी के तीन मंजिला मकान के बेसमेंट में स्थित किराना और भूतल पर मिठाई की दुकान में मंगलवार देर रात करीब पौने 12 बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मकान में दूसरे तल पर एक वृद्ध और युवक फंस गया। दमकल और पुलिस कर्मियों ने दरवाजे और खिड़कियां तोड़कर दोनों को सुरक्षित निकाला। इस बीच आग की तपिश से मिठाई की दुकान में रखे गैस सिलेंडर और रिफाइंड के केन ताबड़तोड़ धमाकों के साथ फट गए। इससे मोहल्ले में दहशत फैल गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:BHU में आधी रात बवाल; जमकर पथराव और तोड़फोड़, लाठीचार्ज में कई छात्र घायल

मोहल्ले वालों ने बताया कि नरेंद्र अवस्थी तीन भाई हैं। तीनों मकान के एक-एक तल पर रहते हैं। बेसमेंट में उनकी अवस्थी किराना स्टोर और भूतल पर मिठाई की दुकान है। रात में परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में गए थे। दूसरे तल पर एक बुजुर्ग और उनके पौत्र थे। इस बीच एकाएक नीचे किराने की दुकान में आग लग गई। धुआं और आग की लपटें निकलतीं देख मोहल्ले वालों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। घरों से लोग बाहर आ गए और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग बेकाबू होते देख दमकल को सूचना दी।

गोमतीनगर फायर स्टेशन से चार दमकल लेकर एफएसओ सुशील कुमार यादव पहुंचे। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा भी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। इस बीच किराने की दुकान में रखे ऑयल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग भड़क गई। भूतल पर मिठाई की दुकान तक आग पहुंच गई। दूसरे तल पर फंसे वृद्ध और उनका पौत्र चीख-पुकार कर रहे थे। दमकल कर्मियों ने आग बुझानी शुरू की और हजरतगंज-इंदिरानगर से भी दमकल की चार गाड़ियां मंगवाईं।

दमकल कर्मी पड़ोसी के मकान से अवस्थी के छज्जे पर पहुंचे। दरवाजे और खिड़की तोड़कर वृद्द और उनके पौत्र को सुरक्षित निकाला। इस बीच आग की तपिश से मिठाई की दुकान में रखे सिलेंडर में विस्फोट हो गया। फ्रिज का कंप्रेशर फट गया। किराने की दुकान में रखे ऑयल के केन भी फटने लगे। इससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। मकान से सटे अन्य घरों के लोग भी बाहर आ गए। आग की लपटें ऊपर मकान में पहुंचने लगीं। दमकल कर्मी देर रात तक आग पर काबू पाने में लगे रहे।

अयोध्या रोड पर लगा भीषण जाम

अग्निकांड के दौरान अयोध्या रोड पर वाहनों की रफ्तार रुक गई। भीषण जाम लग गया। दमकल की गाड़ियां पानी के लिए निकलीं तो जाम से बचाने के लिए इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने वाहनों का डायवर्जन कराया। वैकल्पिक मार्ग से वाहनों को भेजा जाने लगा। पानी टेल्को और अन्य स्थलों से मंगवाया गया। आठ गाड़ियों की मदद से दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।