यूपी के थाने में अश्लील डांस को लेकर ताबड़तोड़ ऐक्शन, एसओ के बाद 8 और पुलिसवाले सस्पेंड
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर 16 अगस्त की रात में बदलापुर थाना परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। आरोप है कि रात 12 बजे के बाद फिल्मी गाने पर अश्लील डांस होने लगा। इस दौरान कई लोगों ने डांस का वीडियो भी बनाया। उन्हीं लोगों में से किसी ने वीडियो वायरल कर दिया।

Action on obscene dance in police station: उत्तर प्रदेश के जौनपुर के बदलापुर थाने में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर फिल्मी गाने पर अश्लील डांस करने के मामले में एसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। वहां के प्रभारी निरीक्षक के निलंबन के बाद सोमवार रात आठ और पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। निलंबित पुलिसकर्मियों में दो एसआई और छह सिपाही हैं। यह कार्रवाई एसपी ने थाने के निरीक्षण के बाद की। पुलिसकर्मियों के खिलाफ ताबड़तोड़ ऐक्शन से हड़कंप मच गया है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन 16 अगस्त की रात में बदलापुर थाना परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। आरोप है कि रात 12 बजे के बाद फिल्मी गाने पर अश्लील डांस होने लगा। इस दौरान कई लोगों ने डांस का वीडियो भी बनाया। उन्हीं लोगों में से किसी ने वीडियो वायरल कर दिया। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो वायरल हुआ तो यह मामला जिले में पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारियों तक भी पहुंचा। मामला एसपी डॉ.कौस्तुभ के भी संज्ञान में आ गया। इस पर एसपी डॉ. कौस्तुभ ने सख्त ऐक्शन लेते हुए प्रभारी निरीक्षक अरविंद पांडेय को निलंबित कर दिया। इसके बाद सोमवार की शाम को एसपी खुद बदलापुर थाने पहुंच गए। वहां उन्होंने इस बारे में एक-एक पुलिसकर्मी से पूछताछ की।
उनकी पूछताछ और जांच में प्रथमदृष्टया लापरवाही मिलने पर आठ और पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दो उपनिरीक्षक और छह सिपाहियों को निलंबित किया गया है। इनमें एसएसआई ओम प्रकाश पाण्डेय, एसआई संजय सिंह, हेड कांस्टेबल कन्हैलाल सिंह, कांस्टेबल राहुल कन्नौजिया, प्रदीप सोनकर, विनय पटेल, दीपक यादव, कृष्ण मोहन राय शामिल हैं।
जारी है जांच
जौनपुर की बदलापुर कोतवाली में जन्माष्टमी के दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अश्लील गाना और डांस मामले की जांच अब भी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन