Get me a Naulakha... Obscene dance in police station on Janmashtami, SHO suspended after video goes viral मुझे नौलखा मंगा दे... जन्माष्टमी पर थाने में अश्लील डांस, वीडियो वायरल होते थानेदार सस्पेंड, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मुझे नौलखा मंगा दे... जन्माष्टमी पर थाने में अश्लील डांस, वीडियो वायरल होते थानेदार सस्पेंड

जन्माष्टमी पर यूपी के एक थाने में अश्लील डांस का आयोजन कर दिया गया। इसका वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया। थानेदार को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। मामला सबसे ज्यादा क्राइम के लिए मशहूर हो रहे पूर्वांचल में जौनपुर के बदलापुर थाने का है।

Sun, 17 Aug 2025 06:40 PMYogesh Yadav जौनपुर, कार्यालय संवाददाता
share
मुझे नौलखा मंगा दे... जन्माष्टमी पर थाने में अश्लील डांस, वीडियो वायरल होते थानेदार सस्पेंड

सीएम योगी ने यूपी के सभी थानों में जन्माष्टमी धूमधाम से मनाने का निर्देश दिया था। ज्यादातर थानों पर जन्माष्टमी की धूम दिखाई भी दी है। इस दौरान थानों को सजाया और संवारा गया। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। जौनपुर के एक थाने में सांस्कृतिक आयोजन के नाम पर अश्लील डांस करा दिया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही बवाल हो गया। एसपी ने तत्काल एक्शन लिया और थानेदार को सस्पेंड कर दिया है। उनकी जगह कोतवाली प्रभारी शेष कुमार शुक्ला को थानेदार बनाया गया है। पूरे मामले की जांच भी एएसपी ग्रामीण को सौंपी दी है।

शनिवार को जिले भर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। पुलिसलाइन और जिले के सभी थानों में विशेष रूप से जन्मोत्सव का कार्यक्रम हुआ। बदलापुर कोतवाली परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। यहां रात 12 बजे तक भक्ति से संबंधित गीतों पर नृत्य हुआ, लेकिन रात 12 बजे के बाद फिल्मी गानें बजने लगे और अश्लील डांस शुरू हो गया। इसका वीडियो कई लोगों ने बनाया और थाने की जन्माष्टमी का ऐसा अश्लील वीडियो देख लोग चौंक गए। देखते-देखते वीडियो वायरल हो गया।

अधिकारियों तक वीडियो पहुंचा तो हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक डॉ.कौस्तुभ ने एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह को जांच की जिम्मेदारी दी। उनकी प्रारंभिक रिपोर्ट मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अरविंद्र कुमार पांडेय को निलंबित कर दिया गया। एएसपी ने बताया कि थाना परिसर में फिल्मी गाने पर अश्लील डांस कराने से संबंधित वीडियो संज्ञान में आया है। इससे पुलिस की छवि धूमिल हुई। थाना प्रभारी के रहते इस तरह का कृत्य ठीक नहीं है। इसको लेकर पहले ही गाइडलाइन जारी है। प्रभारी निरीक्षक

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:विधायक पूजा पाल ने दूसरे पति को क्यों छोड़ा? खुलकर रखी बात, निजी हमलों पर बिफरीं

बदलापुर को निलंबित कर दिया गया है।

11 थाना प्रभारियों का कार्यक्षेत्र बदला

इस बीच पुलिस अधीक्षक ने जिले के 11 थाना प्रभारियों का कार्यक्षेत्र बदल दिया है। प्रभारी निरीक्षक जफराबाद वीपी सिंह को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बनाया गया है। इसी तरह प्रभारी निरीक्षक सिंगरामऊ गजानंद चौबे को प्रभारी निरीक्षक जलालपुर, निरीक्षक अपराध थाना लाइन बाजार शेष कुमार शुक्ला को प्रभारी निरीक्षक बदलापुर, प्रभारी निरीक्षक खुटहन जय प्रकाश यादव को प्रभारी निरीक्षक सरायख्वाजा बनाया गया है। प्रभारी यूपी 112 सैय्यद हुसैन मुंतजर को प्रभारी निरीक्षक सिंगरामऊ, प्रभारी एसओजी चंदन राय को थानाध्यक्ष खुटहन, थानाध्यक्ष जलालपुर त्रिवेणी सिंह को थानाध्यक्ष केराकत, थानाध्यक्ष सुजानगंज यजुवेंद्र कुमार सिंह को थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर, थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर फूलचंद्र पांडेय को थानाध्यक्ष सुजानगंज, थानाध्यक्ष पंवारा रमेश कुमार को थानाध्यक्ष जफराबाद, प्रभारी एसओजी दिव्यप्रकाश सिंह को थानाध्यक्ष पंवारा बनाया गया है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।