राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर आज आएंगे रायबरेली, जानें पूरा कार्यक्रम
राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर आज रायबरेली पहुंचेंगे। नेता प्रतिपक्ष व सांसद राहुल बुधवार सुबह पौने नौ बजे लखनऊ से सड़क मार्ग से रायबरेली के लिए निकलेंगे। बूथ अध्यक्षों, न्याय पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

नेता प्रतिपक्ष व सांसद राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को अपने लोकसभा क्षेत्र में आएंगे। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार वे गांव भी जाएंगे और लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर सामाजिक संगठनों से चर्चा करेंगे। दूसरे दिन लोगों से मुलाकात करने के साथ दिशा की बैठक में हिस्सा लेंगे।
नेता प्रतिपक्ष व सांसद राहुल गांधी बुधवार सुबह पौने नौ बजे लखनऊ से सड़क मार्ग से रायबरेली के लिए निकलेंगे। 10.55 बजे वे डिडौली के पास बटोही रिजार्ट में हरचंदपुर विधान सभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों, न्याय पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। लोकसभा चुनाव के बाद अभी हरचंदपुर विधान सभा के पार्टी पदाधिकारियों से उनकी वार्ता नहीं हो पाई थी। इस बार वह सभी से मिलेंगे और उनकी बात सुनेंगे।
अपराह्न 12 बजे वे वहां से निकलेंगे और होटल शांति ग्रांड में प्रजापति समाज के लोगों के साथ बैठककर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और चर्चा करेंगे। अपराह्न सवा एक बजे वे वहां से निकलेंगे और गोरा बाजार चौराहे पर लगे सम्राट अशोक स्तम्भ का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे भुएमऊ गेस्ट के लिए चलेंगे।
अपराह्न तीन बजे वे वहां से मुलिहामऊ गांव जाएंगे। जहां पर अमर शहीद बीरा पासी के नाम से बने पार्क में पौध रोपण करेंगे। फिर यही से ऊंचाहार के लिए निकल जाएंगे। सायं चार बजे वे ऊंचाहार विधान सभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक न्यू बटोही होटल में करेंगे। सायं सवा पांच बजे एनटीपीसी गेस्ट हाउस पहुंचेगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे।
गुरुवार की सुबह साढ़े नौ बजे से लेकर पूर्वान्ह 11 बजे तक जनप्रतिनिधियों के साथ ही आम लोागों व संगठनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद अपरान्ह 12 बजे पहुंचेंगे और विकास योजनाओं की समीक्षा दिशा की बैठक में करेंगे। बैठक के बाद अपराह्न दो बजे फुर्सतगंज एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने दो दिवसीय दौरे पर सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को दौरे पर आ रहे हैं।




साइन इन