Ragini Sonkar attack on Yogi minister Gulab Devi with Shayari retaliation in the same style रागिनी सोनकर का योगी की मंत्री गुलाब देवी पर शायरी से वार, उसी अंदाज में पलटवार, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

रागिनी सोनकर का योगी की मंत्री गुलाब देवी पर शायरी से वार, उसी अंदाज में पलटवार

यूपी विधानसभा में सपा विधायक रागिनी सोनकर और मंत्री गुलाब देवी के बीच जबरदस्त शायरी वार देखने को मिला। भगवान राम और कलयुग के बहाने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए गए सवालों ने सदन का माहौल गरमा दिया तो वहीं शायरियों वार-पलटवार ने माहौल हल्का भी किया।

Tue, 17 Feb 2026 01:44 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
रागिनी सोनकर का योगी की मंत्री गुलाब देवी पर शायरी से वार, उसी अंदाज में पलटवार

उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र इन दिनों अपनी तीखी बहसों के साथ-साथ दिलचस्प वाकयुद्ध के लिए भी चर्चा में है। मंगलवार को सदन की कार्यवाही के दौरान उस समय माहौल काफी रोचक हो गया, जब समाजवादी पार्टी की युवा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर और योगी सरकार की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी के बीच जुबानी जंग छिड़ गई। सदन में आमतौर पर होने वाली टोका-टोकी के बजाय, इस बार हमला और पलटवार दोनों ही शायराना अंदाज में हुए। सपा विधायक ने भगवान राम के नाम का सहारा लेकर सरकार की शिक्षा नीति पर गंभीर सवाल खड़े किए, तो शिक्षा मंत्री ने भी उसी तर्ज पर जवाब देते हुए विपक्ष को आईना दिखाने की कोशिश की।

कलयुग और सत्ता पर रागिनी की चुटीली शायरी

सदन में अपनी बात रखते हुए सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने सीधे तौर पर सरकार की मंशा पर सवाल दागते हुए कहा, "रामचंद्र कह गए सिया से ऐसा कलयुग आएगा, मेरे नाम से सत्ता पाकर सबको आंख दिखाएगा। धर्मों पर लड़वाएगा और जाति पर बंटवाएगा, गरीबों की शिक्षा को रौंदा जाएगा।" रागिनी ने अपनी इस शायरी के जरिए संदेश दिया कि सरकार धर्म के नाम पर तो राजनीति कर रही है, लेकिन शिक्षा के बुनियादी ढांचे की ओर उसका ध्यान नहीं है। उन्होंने अनुच्छेद 51 (ए) का हवाला देते हुए कहा कि जब स्कूलों में विज्ञान के शिक्षक ही नहीं होंगे, तो बच्चों में वैज्ञानिक सोच कैसे विकसित होगी?

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पंचायत चुनाव को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा दावा, बताया क्यों BJP टाल रही इलेक्शन

इंटर कॉलेजों में शिक्षकों की कमी पर उठाए सवाल

शायरी के बाद डॉ. सोनकर ने तर्कों के साथ अपनी विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों का उदाहरण पेश किया। उन्होंने दावा किया कि मछलीशहर और आसपास के कई राजकीय कॉलेजों में विज्ञान के शिक्षक ही मौजूद नहीं हैं। रागिनी ने चुटकी लेते हुए कहा कि भगवान राम को भी शिक्षा के लिए गुरु वशिष्ठ मिले थे, लेकिन आज की सरकार रामराज की बात तो करती है, पर बच्चों को शिक्षक नहीं दे पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 के बाद से कई कॉलेजों में प्रधानाचार्य और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पद खाली पड़े हैं, जो अभी तक नहीं भरे गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दुर्घटना और सामान्य बीमारी में विधायक निधि से मदद, योगी का ऐलान, एक्शन भी शुूरू

गुलाब देवी का 'सूरज और लहरों' वाला जवाब

विपक्ष के इन तीखे प्रहारों का जवाब देने के लिए माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी सदन में खड़ी हुईं और उन्होंने भी जवाब के लिए शायरी का ही सहारा लिया। गुलाब देवी ने कहा, "यह बढ़िया है कि आज इन्हें भगवान राम का उदाहरण देना पड़ा। जानकर भी अनजान हैं यह और बात है।" उन्होंने रागिनी पर पलटवार करते हुए आगे कहा, "सूर्य की किरणें कितनी भी चमचमाएं, लेकिन समुद्र की लहरों को सुखा नहीं सकती हैं।" मंत्री ने स्पष्ट किया कि विपक्ष चाहे कितना भी शोर मचा ले, लेकिन सरकार द्वारा किए गए कार्यों की सच्चाई को मिटाया नहीं जा सकता।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:योगी सरकार इन जिलों में खोलेगी छह नए हॉस्टल, 70 प्रतिशत सीटें इनके लिए आरक्षित

गुलाब देवी ने आंकड़ों के जरिए जानकारी दी कि प्रदेश के 974 राजकीय कॉलेजों में से केवल तीन को छोड़कर सभी में विज्ञान वर्ग के शिक्षकों के पद सृजित हैं। उन्होंने अनुदानित कॉलेजों में भी नियुक्तियों की प्रक्रिया और सरकार के विजन को सदन के सामने रखा। इस शायराना नोकझोंक ने सदन का तनाव तो कम किया, लेकिन शिक्षकों की भर्ती का मुद्दा फिर से चर्चा के केंद्र में आ गया है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।