कानपुर में प्रीपेड स्मार्ट मीटर होंगे पोस्टपेड, केस्को के उपभोक्ताओं पर फिर सिक्योरिटी मनी का बोझ
कानपुर में में प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को पोस्टपेड करने के फैसले के बाद 1.30 लाख फोर जी नेटवर्क वाले प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को पोस्टपेड कर दिया जाएगा। केस्को ने पिछले एक साल में पुराने पोस्टपेड मीटरों को बदलकर 1.61 लाख स्मार्ट मीटर लगाए थे।

UP News: प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को पोस्टपेड करने के फैसले के बाद कानपुर में 1.30 लाख फोर जी नेटवर्क वाले प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को पोस्टपेड कर दिया जाएगा। केस्को ने पिछले एक साल में पुराने पोस्टपेड मीटरों को बदलकर 1.61 लाख स्मार्ट मीटर लगाए थे। इसमें से 1.30 लाख प्रीपेड मोड में कर दिए थे और बाकी 31 हजार अभी स्मार्ट पोस्टपेड मीटर लगे हैं, जिन्हें प्रीपेड नहीं किया जाएगा।
इसके साथ ही 2018 के बाद से कानपुर में लगे टू जी नेटवर्क वाले 1.58 लाख प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को भी पोस्टपेड कराने का रास्ता साफ हो गया है। जो स्मार्ट मीटर लगे हैं, उन्हें जिस तरह मैसेज भेजकर प्रीपेड कर दिया गया था, उसी तरह उनकी पोस्टपेड में वापसी हो जाएगी। इन पोस्टपेड मीटरों की बिल लेने रीडर नहीं आएगा बल्कि एक महीना बिजली जलाने के बाद उनके पास बिल का एसएमएस आएगा और उसे जमा करना होगा। यह बिल ऑनलाइन सर्वर से उनकी खपत का आकलन कर बनेगा।
प्रीपेड चाहने वालों को मिलते रहेंगे प्रीपेड मीटर
केस्को में मीटर लगवाने उपभोक्ताओं में हर महीने 10 से 15 प्रतिशत लोग प्रीपेड मीटर की मांग करते हैं, उनके लिए प्रीपेड मोड की व्यवस्था लागू रहेगी। तमाम उपभोक्ता किरायेदारों के लिए प्रीपेड मीटर की मांग करते हैं, जिससे की उनका बकाया बिल का जिम्मा मकान मालिकों पर न आए। शहर में करीब साढ़े चार लाख मीटर अभी पुरानी विधा वाले पोस्टपेड मीटर हैं, उन्हें स्मार्ट मीटरों में नहीं बदलने का फैसला ऊर्जा मंत्री ने किया है। यानी उनके घरों की रीडिंग मीटर रीडरों के जरिए ही होगी।
बिल के साथ वसूली जाएगी सिक्योरिटी मनी
पोस्टपेड मीटरों को प्रीपेड करने के दौरान उपभोक्ताओं की जमा सिक्योरिटी मनी को केस्को ने वापस किया था। इस राशि को उनके रीचार्ज मनी से समायोजित किया गया था। अब जब प्रीपेड को दोबारा पोस्टपेड किया जाएगा तो उनसे सिक्योरिटी मनी भी ली जाएगी। इसके तहत दो किलोवाट तक के घरेलू कनेक्शन पर प्रति किलोवाट 300 रुपये, तीन किलोवाट के ऊपर के कनेक्शन पर 400 रुपये प्रति किलोवाट, कॉमर्शियल कनेक्शन पर प्रति किलोवाट एक हजार रुपये रुपये प्रति किलोवाट की दर से सिक्योरिटी मनी जमा करनी होगी।
10 किस्तों में जमा कर सकेंगे बिल
स्मार्ट प्रीपेड मीटरों के पोस्टपेड होते ही पिछला बकाया 10 किस्तों में चुकाने की सुविधा भी यूपीपीसीएल देगा। अभी तक यह एरियर बकाया है, जो प्रीपेड मीटरों में हर रीचार्ज पर कटता है। घरेलू उपभोक्ताओं से हर रीचार्ज की 10 प्रतिशत राशि और कॉमर्शियल उपभोक्ताओं से 25 प्रतिशत राशि इसी एरियर बकाया में कट जाती है। जब तक कि एरियर बकाये का भुगतान पूरा न हो जाए। अब इसी बकाया को 10 आसान किस्तों में लिया जाएगा। यह उनके हर 10 महीने तक बिलों में जुड़ेगा। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और यूपीपीसीएल चेयरमैन डॉ. आशीष गोयल ने इसके निर्देश जारी किए हैं। अगर किसी उपभोक्ता का पिछला बकाया 10 हजार रुपये है तो उससे हर महीने एक हजार रुपये तक अगले 10 महीनों के बिल में जुड़ेगा। उपभोक्ताओं को यह भी सुविधा दी जाएगी कि अगर वह चाहें तो एकमुश्त भी पिछला बकाया जमा कर सकते हैं। ऐसा करने पर बकाया राशि पर हर महीने लगने वाला ब्याज भी नहीं देना होगा। किस्तों में भुगतान पर दो प्रतिशत ब्याज दर से ब्याज भी बढ़ेगा।




साइन इन