एक साल बाद लौटी पत्नी को फिर ले गया प्रेमी, दोनों के बुलाने पर मिलने पहुंचा पति, अगले दिन मिली लाश
बदायूं में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटके अधेड़ का शव मिला है। परिजनों ने पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या कर शव टांगने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अधेड़ की पत्नी एक साल पहले अपने प्रेमी के साथ चली गई थी।

यूपी के बदायूं में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटके अधेड़ का शव मिला है। परिजनों ने पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या कर शव टांगने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अधेड़ की पत्नी एक साल पहले अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। कुछ दिन पहले ही लौटी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच शुरू कर दी है। अधेड़ की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मामला अलापुर थाना क्षेत्र के अल्लाहपुर गांव का है। परिजनों के मुताबिक, 50 वर्षीय कालीचरन सिंह को उनकी पत्नी और उसके प्रेमी ने गुरुवार सुबह फोन कर गांव के बाहर बुलाया था। इसके बाद वे घर वापस नहीं लौटे। जब परिवार वालों ने तलाश की तो कालीचरन का शव गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। परिजनों ने पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है।
पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के भाई सुखराम सिंह ने बताया कि एक साल पहले कालीचरन की पत्नी एक रिश्तेदार के साथ चली गई थी, जो दीपावली पर वापस लौटी। इसके बाद दोनों अपनी साली के घर गए थे, जहां पत्नी का प्रेमी भी पहुंचा। उसने कालीचरन से बदसलूकी की और पत्नी को अपने साथ ले गया। कालीचरन आहत होकर घर लौट आए थे। परिजनों का कहना है कि गुरुवार सुबह पत्नी और प्रेमी ने उसे फिर बुलाया और हत्या कर शव लटका दिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पेड़ से लटका मिला युवक का शव
वहीं शव मिलने का दूसरा मामला इस्लामनगर थाना क्षेत्र के चमरपुरा गांव से सामने आया है। यहां के निवासी चंद्रपाल का 18 वर्षीय पुत्र सचिन बुधवार रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद घर से टहलने निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर उसका कहीं सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह गांव के लोगों ने देखा कि सचिन का शव गांव के बाहर एक पेड़ से फंदे के सहारे लटका हुआ है। सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। परिवार के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी और हत्या की आशंका जताई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।




साइन इन