गर्मी में उड़ा डीओ, कई इलाकों में घंटों गुल रही बिजली
Prayagraj News - प्रयागराज में भीषण गर्मी के कारण बिजली व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। कई इलाकों में ओवरलोडिंग से तार जलने और डीओ उड़ने की घटनाएं हो रही हैं। इससे लोगों को घंटों बिजली गुल होने और पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। तकनीकी खराबियों और लोड बढ़ने के कारण बिजली आपूर्ति में रुकावट आई।

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। भीषण गर्मी के साथ बिजली व्यवस्था पर दबाव बढ़ने लगा है। शहर के कई इलाकों में ओवरलोडिंग के कारण कहीं तार जलने तो कहीं डीओ (डिस्कनेक्टिंग आउट) उड़ने की घटनाएं सामने आ रही हैं। शनिवार को अलग-अलग मोहल्लों में घंटों बिजली गुल रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।दारागंज क्षेत्र के नागवासुकि फीडर में एक के बाद एक तीन डीओ उड़ गए, जिससे इलाके में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। शाम के समय बिजली न आने से लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। धूमनगंज के सैनिक कॉलोनी में भी हालात खराब रहे।
यहां सुबह से लेकर शाम तक कई बार बिजली की आंखमिचौली चलती रही। वहीं प्रीतमनगर के पास मंदिर फीडर में अचानक बिजली गुल हो गई, जिससे स्थानीय लोग परेशान रहे।रामबाग उपकेंद्र के मलाकराज इलाके में तकनीकी खराबी के चलते एक घंटे से अधिक समय तक आपूर्ति ठप रही। इससे पूर्व शुक्रवार रात में भी आग लगने से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी। वहीं शनिवार को दरियाबाद में लोड बढ़ने से पैनल में खराबी आ गई, जिसके कारण बिजली बाधित रही। यहां एक खंभा टेढ़ा होने पर जेई की देखरेख में दो नए खंभे लगवाए गए, हालांकि इस दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया।बैरहना क्षेत्र में ग्रीन स्वीट हाउस के पास तार दुरुस्त करने के लिए एक घंटे से अधिक समय तक बिजली काटी गई। करेली इलाके में भी पूर्व निर्धारित शटडाउन के तहत सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक आपूर्ति बाधित रही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन