टोल पर सैन्यकर्मी की पिटाई के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बवाल के बाद पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार
मेरठ-करनाल हाईवे पर टोल प्लाजा रणभूमि में बदल गया। श्रीनगर ड्यूटी पर जा रहे कार सवार राजपूत रेजिमेंट के जवान के साथ टोल कर्मियों ने न केवल अभद्रता की, बल्कि बर्बर तरीके से मारपीट भी कर दी। सोमवार को बढ़ते तनाव के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

यूपी के मेरठ-करनाल हाईवे पर स्थित भूनी टोल प्लाजा रविवार देर रात रणभूमि में बदल गया। टोल कर्मियों ने राजपूत रेजिमेंट के जवान कपिल और उनके चचेरे भाई शिव के साथ अभद्रता करते हुए जमकर मारपीट की, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की खबर मिलते ही सोमवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण टोल प्लाजा पर जुट गए और हंगामा करने लगे। उधर, बढ़ते बवाल के बीच पुलिस ने दोपहर तक कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
भूनी टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारियों और कुछ युवकों ने सेना के जवान को खंभे से बांधकर पिटाई कर दी थी। जवान कपिल हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर से लौटकर छुट्टी पर गांव आए थे और रविवार रात दिल्ली एयरपोर्ट से श्रीनगर ड्यूटी के लिए रवाना हो रहे थे। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ के बाद टोल से गुजरने वाली गाड़ियों को फ्री करवा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि बॉर्डर पर तेनात जवान के साथ ऐसा सलूक बर्दाश्त नहीं है। ग्रामीणों ने टोल वसूलने वाली कंपनी के लाइसेंस को भी निरसंत करने की मांग की।
टोल प्लाजा पर बवाल की सूचना पर एसपी देहात राकेश मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे। उनके साथ कई थानों की पुलिस फोर्स के अलावा लाइन से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया गया। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को किसी तरह समझाया और शांति बहाल करने की कोशिश की। हालांकि ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने टोल वसूल रही कंपनी का लाइसेंस निरस्त करने की मांग करने लगे। इस बीच सरधना के पूर्व विधायक ठाकुर संगीत सोम भी टोल प्लाजा पर पहुंचे। जहां पूर्व विधायक ने कहा कि भाजपा की सरकार में किसी भी सूरत में गुंडई को बर्दास्त नहीं किया जायेगा। इस दौरान पूर्व विधायकभी ग्रामीणों के बीच सड़क पर ही बैठ गए।
मामला तूल पकड़ने के बाद मेरठ प्रशासन भी हरकत में आ गया। जानकारी के मुताबिक लखनऊ स्थित सीएमओ से भी अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई। साथ ही सेना भी अपने स्तर पर जांच में जुट गई। वहीं, पुलिस ने एक्शन लेते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
1.सचिन पुत्र मुकेश निवासी ग्राम पाचली थाना सरूरपुर मेरठ उम्र 30 वर्ष ।
2.विजय पुत्र अरुण निवासी करनावल थाना सरूरपुर मेरठ उम्र 25 वर्ष ।
3.अनुज पुत्र ओमप्रकाश निवासी ग्राम दुर्जनपुर थाना सरूरपुर मेरठ उम्र 28 वर्ष ।
4.अंकित पुत्र दारा सिंह निवासी ग्राम छुर थाना सरधना जनपद मेरठ उम्र 26 वर्ष ।
5.सुरेश राणा पुत्र राजपाल निवासी ग्राम बढ़हल थाना दोघट जनपद बागपत उम्र 56 वर्ष।
6.अंकित शर्मा पुत्र नरेश निवासी ग्राम सूजती थाना दोघट जनपद बागपत उम्र 28 वर्ष ।




साइन इन