Jawan who returned home after Operation Sindoor was tied to a pole and beaten, shameful incident at toll plaza ऑपरेशन सिंदूर के बाद घर लौटे जवान को खंभे से बांधकर पीटा, टोल प्लाजा पर शर्मनाक वारदात, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

ऑपरेशन सिंदूर के बाद घर लौटे जवान को खंभे से बांधकर पीटा, टोल प्लाजा पर शर्मनाक वारदात

ऑपरेशन सिंदूर के बाद छुट्टी मिलने पर कांवर यात्रा के लिए घर आए सेना के एक जवान को मेरठ में बीच सड़क बेहरहमी से पीटा गया है। मेरठ-करनाल हाईवे पर स्थित भूनी टोल प्लाजा पर कई टोलकर्मियों ने जवान को खंभे से बांधकर पीटा और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। 

Mon, 18 Aug 2025 04:31 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
ऑपरेशन सिंदूर के बाद घर लौटे जवान को खंभे से बांधकर पीटा, टोल प्लाजा पर शर्मनाक वारदात

यूपी के मेरठ-करनाल हाईवे स्थित भूनी टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों ने गुंडई दिखाते हुए गांव गोटका निवासी सेना के जवान को बंधक बना लिया और खंभे से बांधकर बर्बरता के साथ लाठी-डंडों से पीटाई की है। बचाव में आए उनके चचेरे भाई के साथ भी टोलकर्मियों ने मारपीट की। टोलकर्मियों ने सेना के जवान का आईकार्ड और मोबाइल भी छीन लिया है। पूरी वारदात टोल पर लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव गोटका के ग्रामीणों की भीड़ पहुंच गई तो आरोपी टोलकर्मी फरार हो गए। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया। एसएसपी ने बताया कि फुटेज के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सरूरपुर के गांव गोटका निवासी कपिल सेना में हैं और वर्तमान में श्रीनगर में तैनाती है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद छुट्टी मिलने पर कपिल कांवड़ यात्रा के लिए गांव आए हुए थे। सोमवार को उन्हें श्रीनगर में ड्यूटी पर अपनी बटालियन में आमद करानी थी। सोमवार सुबह पांच बजे दिल्ली से उनकी फ्लाइट थी। रविवार शाम करीब नौ बजे कपिल अपने चचेरे भाई शिवम के साथ कार से दिल्ली एयरपोर्ट जा रहे थे। जैसे ही वह भूनी टोल प्लाजा पर पहुंचे तो कार को टोल से निकालने के लिए कपिल ने टोलकर्मियों को अपना आईडी कार्ड दिखाया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:छुप-छुपकर घूरने, गंदी बात करने का IAS पर आरोप लगाने वाली महिला अधिकारी निलंबित

आरोप है कि टोलकर्मियों ने टोल बूम खोलने के बजाए उनका आईडी कार्ड और मोबाइल छीन लिया। कपिल ने विरोध किया तो टोलकर्मियों ने कपिल के साथ मारपीट शुरू कर दी। बचाव में आए उनके चचेरे भाई शिवम को भी जमकर पीटा। टोलकर्मियों ने टोल नाके के खंभे से लगाकर कपिल को बंधक बना लिया।

एक साथ कई टोलकर्मी जवान को पीटते रहे। उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। काफी देर तक जवान को पीटा जाता रहा। दोनों के बेहाल होने तक पिटाई होती रही। इसी बीच किसी ने पुलिस और ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ पहुंच गई और हंगामा कर दिया। थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मारपीट की घटना टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए ग्रामीणों को शांत कराया। पीड़ित पक्ष ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।