पीएम मोदी ने की अजय राय के जल्द स्वस्थ होने की कामना, मेदांता में भर्ती हैं यूपी कांग्रेस अध्यक्ष
कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीएम मोदी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। अजय राय कांग्रेस के कार्यक्रम के बाद लखनऊ स्थित आवास पहुंचे थे। घर पर ही तबीयत खराब हो गई।

UP News : उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। लखनऊ में वह अचानक बेहोश हो गए। उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर अपने अकाउंट से एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा- ‘उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय जी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ है। मैं उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’
शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनके शरीर में सोडियम की कमी हो गई थी। वह खतरे से बाहर हैं। वह कांग्रेस के कार्यक्रम के बाद लखनऊ स्थित आवास पहुंचे थे। घर पर ही तबीयत खराब हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक अजय राय शुक्रवार लखनऊ के गांधी भवन में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसमें बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर शिक्षकों और डॉक्टरों का संयुक्त सम्मेलन हो रहा था। कार्यक्रम के दौरान वह पूरी तरह सामान्य थे। उन्होंने इसमें सहज रूप से भाग लिया। कांग्रेस के कार्यक्रम के बाद वह लखनऊ स्थित आवास पहुंचे थे। घर पर ही तबीयत खराब हो गई। उन्हें अचानक बेचैनी और असहजता महसूस होने लगी और हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद उन्हें तुरंत मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मेदांता के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष को मेदांता अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू कर दिया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर नजर रखे हुए है। अजय राय के विभिन्न परीक्षण भी किए गए। बताया जा रहा है कि वह खतरे से पूरी तरह बाहर हैं लेकिन अभी कमजोरी बनी हुई है।
करीबी और समर्थक चिंतित
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने से उनके करीबी और समर्थक चिंतित हैं। वे लगातार उनकी सेहत के बारे में अपडेट ले रहे हैं। उधर, अजय राय की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर नजर रख रही है।
तीन चुनावों में पीएम मोदी के खिलाफ रह चुके हैं उम्मीदवार
यूपी कांग्रेस के मौजूदा अध्यक्ष अजय राय 2014, 2019 और 2024 लोकसभा चुनावों में पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ उम्मीदवार रह चुके हैं। हालांकि उन्हें हर बार हार का सामना करना पड़ा है।




साइन इन