गंगा एक्सप्रेसवे से पहले पीएम मोदी अपनी काशी को देंगे करोड़ों की सौगात, सिग्नेचर ब्रिज का भी शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से पहले अपनी काशी को सौगात देने आ रहे हैं। पीएम मोदी 28 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान 6500 करोड़ रुपये की सौगात देंगे। इसमें गंगा नदी पर बनने वाले 'सिग्नेचर ब्रिज' का शिलान्यास प्रमुख है।

Up News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने 29 अप्रैल को पश्चिमी यूपी से पूर्वी यूपी यानी मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। इससे ठीक एक दिन पहले पीएम मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी आएंगे और अपनी काशी को करोड़ों की सौगात देंगे। इसमें गंगा पर बनने वाले सिग्नेचर ब्रिज का शिलान्यास भी शामिल है। पीएम मोदी का प्रारंभिक प्रोटोकॉल आ चुका है। वह वह बरेका में जनसभा को संबोधित करने के बाद वाराणसी के विकास कार्यों पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक तल्ख धूप और गर्मी को देखते हुए प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को शाम करीब 4 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट आएंगे। यहां से बरेका हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वह जनसभा को संबोधित करेंगे। मंच से गंगा पुल पर सिग्नेचर ब्रिज सहित 6500 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसमें सड़क, पर्यटन, शिक्षा, उद्योग और गंगा निर्मलीकरण से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। मोदी मंच पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को टूलकिट औऱ प्रमाण पत्र भी भेंट करेंगे। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री के हाथों ज्यादा से ज्यादा परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास का लक्ष्य रखा गया है। प्रोजेक्ट के सत्यापन के लिए मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है।
प्रधानमंत्री महिलाओं की सभा को करेंगे संबोधित
संसद में महिला आरक्षण बिल गिरने के बाद भाजपा अब इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने की दिशा में और भी आगे बढ़ेगी। प्रधानमंत्री यहां महिलाओं की सभा संबोधित करेंगे। इसकी पूरी कमान महिलाओं के हाथों में होगी। प्रदेश भाजपा कार्यालय पर रविवार को प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने तैयारियों के संबंध में बैठक की।
वाराणसी महानगर व जिला इकाई के साथ हुई बैठक में महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, भाजपा महानगर अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यापक जनसंपर्क अभियान, बूथ स्तर तक की जिम्मेदारियों व व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम महिला सशक्तीकरण को समर्पित होगा। महिला सहभागिता को ही कार्यक्रम के केंद्र में रखा गया है।
मल्टी सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल की रखेंगे नींव
वाराणसी। कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में बनने वाले पांच सौ बेड के मल्टी सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल की नींव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रखेंगे। अस्पताल प्रबंधन ने तैयारी तेज कर दी है। वाराणसी मंडल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल श्री शिवप्रसाद गुप्त राजकीय अस्पताल में करीब 5.5 एकड़ में बनने वाले मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में सुविधाएं विकसित करने का चार साल पहले खाका खींचा गया। करीब 315 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण होगा।
यहां बेसमेंट प्लस आठ मंजिला भवन होगा। इसमें डॉक्टर-पैरामेडिकल स्टाफ आवास भी होगा। अस्पताल में 47 बेड का आईसीयू होगा। 300 वाहनों की क्षमता के लिए दो पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। नेफ्रो, कार्डियो, न्यूरो, गैस्ट्रो और स्पेशियलिटी विभाग होंगे। चार मॉड्यूलर और एक इमरजेंसी ऑपरेशन थियेटर होगा। अस्पताल में 30 बेड का एनआरसी वार्ड भी बनाया जाएगा।
सोवा-रिग्पा अस्पताल के उद्घाटन की उम्मीद
सारनाथ। केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान के युथोक सोवा रिग्पा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के लिए जड़ी-बूटियां अरुणाचल प्रदेश के तवांग से आती हैं। तवांग समुद्र तल से 16 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है। वहां तिब्बती संस्थान पांच एकड़ जमीन पर जड़ी-बूटियां उगाता है। युथोक सोवा रिग्पा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में गठिया, लिवर सूजन, मधुमेह और कैंसर जैसे असाध्य (क्रॉनिक) रोगों का इलाज होता है।




साइन इन