अयोध्या राम मंदिर में 4 घंटे रहेंगे PM मोदी, ध्वजारोहण समारोह के लिए कार्यक्रम फाइनल
अयोध्या राम मंदिर ध्वजारोहण समारोह के लिए पीएम मोदी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम फाइनल हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी राम मंदिर में चार घंटे गुजारेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में जोड़ा गया है कि वह सबसे पहले सप्त मंडपम जाएंगे और यहां रामायणकालीन ऋषियों को नमन कर उनका पूजन करेंगे।

अयोध्या राम मंदिर में ध्वजारोहण समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में यहां आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम फाइनल हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी राम मंदिर में चार घंटे गुजारेंगे। प्रधानमंत्री मोदी साकेत महाविद्यालय के ग्राउंड में हेलीकाप्टर से उतरेंगे। यहां से उनका काफिला आदि शंकराचार्य प्रवेश द्वार पहुंचेगा और इसी रास्ते प्रधानमंत्री मोदी राम मंदिर परिसर में प्रवेश करेंगे। भवन-निर्माण समिति चेयरमैन नृपेन्द्र मिश्र का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में जोड़ा गया है कि वह सबसे पहले सप्त मंडपम जाएंगे और यहां रामायणकालीन ऋषियों को नमन कर उनका पूजन करेंगे। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी व प्रधानमंत्री संग्रहालय के चेयरमैन मिश्र बताते हैं कि पीएमओ ने अपेक्षा की है कि प्रधानमंत्री के पूजन के समय मंदिर पुजारी व पूजन सामग्री की भी व्यवस्था रहे।
ध्वजारोहण का शुभ मुहूर्त मध्याह्न 11.58 बजे से
नृपेन्द्र मिश्र बताते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी राम मंदिर में चार घंटे गुजारेंगे। इस दौरान रामलला का दर्शन -पूजन करके आरती भी उतारेंगे। इसी तरह पीएम मोदी राम दरबार का भी दर्शन-पूजन कर राजा राम व मां सीता की आरती उतारेंगे। पुनः निर्धारित मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य प्रधानमंत्री राम मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराएंगे। भवन-निर्माण समिति चेयरमैन नृपेन्द्र मिश्र बताते हैं कि ध्वजारोहण का शुभ मुहूर्त मध्याह्न 11.58 बजे से अपराह्न एक बजे निर्धारित है। इसी मुहूर्त में ही ध्वज के पूजन के साथ सेना के जवान सम्मानपूर्वक ध्वज का आरोहण करेंगे। इसके उपरांत पीएम मोदी ध्वज फहराएंगे। पुनः उनका सम्बोधन भी होगा। इस दौरान उनके श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघ चालक डॉ. मोहन भागवत, प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिहाज से की जा रहीं तैयारियां नृपेन्द्र मिश्र
नृपेन्द्र मिश्र ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यहां तैयारियां की जा रही है। इसी कड़ी में तीर्थ क्षेत्र महासचिव चंपत राय की देखरेख में व्यवस्थाएं की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन के द्वारा आमंत्रित अतिथियों की प्रारम्भिक जांच पूरी कर ली गयी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के आवागमन के रुप का भी निरीक्षण किया गया है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के संदर्भ में बताया कि यह विषय जिला प्रशासन का है और हमारा कोई रोल नहीं है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी के आगमन के दौरान परिसर की सभी बैठकों में शामिल रहूंगा और मुख्यमंत्री योगी के निर्देशों को भी नोट किया जाएगा। पुनः तदनुरूप कार्यवाही भी की जाएगी।




साइन इन