PM Modi appeal to Yogi new minister Hansraj Vishwakarma falls flat hundreds of vehicles welcome him योगी के नए मंत्री हंसराज विश्वकर्मा पर PM मोदी की अपील बेअसर; स्वागत में सैकड़ों गाड़ियों का काफिला, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

योगी के नए मंत्री हंसराज विश्वकर्मा पर PM मोदी की अपील बेअसर; स्वागत में सैकड़ों गाड़ियों का काफिला

वाराणसी में योगी सरकार में  नए मंत्री बने हंसराज विश्वकर्मा के स्वागत में भारी वाहन काफिला और बुलडोजर इस्तेमाल होने पर विवाद खड़ा हो गया। विपक्ष ने पीएम मोदी की ईंधन बचाने की अपील का हवाला देकर भाजपा पर सवाल उठाए हैं।

Fri, 15 May 2026 02:10 PMsandeep लाइव हिन्दुस्तान, वाराणसी
share
योगी के नए मंत्री हंसराज विश्वकर्मा पर PM मोदी की अपील बेअसर; स्वागत में सैकड़ों गाड़ियों का काफिला

वाराणसी में योगी सरकार के नवनियुक्त मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के स्वागत को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से हाल ही में देशवासियों से ईंधन बचाने और सादगी अपनाने की अपील किए जाने के बाद अब बीजेपी नेताओं के भव्य स्वागत कार्यक्रम पर विपक्ष और सोशल मीडिया यूजर्स सवाल उठा रहे हैं जानकारी के मुताबिक हंसराज विश्वकर्मा हाल ही में योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्री बनाए गए हैं। मंत्री बनने के बाद वह पहली बार सड़क मार्ग से लखनऊ से वाराणसी पहुंचे। एयरपोर्ट से लेकर उनके कंचनपुर स्थित आवास तक बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उनके काफिले में सैकड़ों गाड़ियां और वाहन शामिल रहे। कई जगह कार्यकर्ता बुलडोजर लेकर भी स्वागत करने पहुंचे।

मंत्री हंसराज के स्वागत में सैकड़ों गाड़ियां

बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट से अर्दली बाजार और फिर मंडुआडीह इलाके तक गाड़ियों का लंबा काफिला चलता रहा, जिसकी वजह से कई स्थानों पर भारी जाम लग गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर इस पूरे कार्यक्रम के वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सुरेश खन्ना साइकिल से कार्यालय पहुंचे, पंकज चौधरी ने फ्लीट में घटाई गाड़ियां
ये भी पढ़ें:PM मोदी की अपील पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- आगे बढ़ना है तो साइकिल ही ऑप्शन

पीएम मोदी ने ईंधन बचाने की अपील की थी

मंडुआडीह इलाके में बुलडोजर के जरिए स्वागत किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई यूजर्स ने प्रधानमंत्री मोदी की ईंधन बचाने वाली अपील का हवाला देते हुए कहा कि जब देश को सादगी और कम ईंधन खर्च करने का संदेश दिया जा रहा है, तब सत्ता पक्ष के नेताओं के स्वागत में इतनी बड़ी संख्या में वाहनों का इस्तेमाल क्यों किया गया। हंसराज विश्वकर्मा वाराणसी बीजेपी के जिला अध्यक्ष भी हैं। उन्हें 10 मई को हुए मंत्रिमंडल विस्तार में पांच नए मंत्रियों के साथ शामिल किया गया था।

अजय राय ने भाजपा को घेरा

इस मुद्दे पर यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री जनता को कार-पूलिंग और सादगी का संदेश देते हैं, लेकिन उनके ही संसदीय क्षेत्र काशी में बीजेपी नेताओं का अलग चेहरा दिखाई दे रहा है। अजय राय ने कहा कि नियम सिर्फ आम जनता के लिए नहीं होने चाहिए, बल्कि नेताओं को भी उनका पालन करना चाहिए।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।