पीएम मोदी की अपील का असर, एशिया की सबसे बड़ी मेरठ सराफा मंडी सूनी, दिखा सन्नाटा
पीएम नरेंद्र मोदी की अपील का असर दिखा है। मेरठ सराफा बाजार में पहुंचकर ग्राउंड रिपोर्ट की जिसमें सामने आया कि मंगलवार को सराफा मंडी में सन्नाटा पसरा हुआ था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभ काम पर सोना न खरीदने की अपील का असर आज सराफा बाजारों में साफ दिखा। हिंदुस्तान टीम मेरठ से सलीम अहमद ने एशिया की सबसे बड़ी मंडी मेरठ सराफा बाजार में पहुंचकर ग्राउंड रिपोर्ट की जिसमें सामने आया कि मंगलवार को सराफा मंडी में सन्नाटा पसरा हुआ था।एशिया की सबसे बड़ी मंडी मेरठ सराफा बाजार में भी आज असर देखने को मिला है। वहीं व्यापारियों का कहना है कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील करने के बाद आज पहला दिन है और सोना खरीदने वाले जो ग्राहक हैं वो किसी भी दुकान पर नजर नहीं आ रहे हैं।
आमतौर पर शादी-विवाह का सीजन और धनतेरस-दीपावली पर सराफा बाजार गुलजार रहता है। लेकिन आज काउंटर खाली पड़े हैं और दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते नजर आए। व्यापारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर सीधा सेल पर पड़ा है। दोपहर होने को है और एक भी ग्राहक नहीं पहुंचा।
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएसन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल कहते है कि सोना भारतीय संस्कृति और निवेश दोनों का बड़ा हिस्सा रहा है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद अगर ये ट्रेंड आगे भी जारी रहा तो सराफा कारोबारियों के लिए चुनौती बढ़ सकती है। वहीं सरकार का मानना है कि इससे विदेशी मुद्रा बचेगी और पैसा देश के विकास में लगेगा।
आने वाले दिनों में भी बाजार में यही सन्नाटा रहेगा
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिशन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार अग्रवाल कहते है कि अब देखना होगा कि ये सिर्फ एक दिन का असर है या आने वाले दिनों में भी बाजार में यही सन्नाटा रहेगा। कारीगरों-मजदूरों को लेकर भी सर्राफा व्यापारियों में चिंता दिखी। मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिशन के कोषाध्यक्ष मनोज कुमार सर्राफ कहते है कि भारत सरकार को सोने के आयात एवं स्मगलिंग रोकने पर प्रभावी कदम उठाने चाहिए, लेकिन निर्यात को बढ़ावा देना चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के आह्वान से जुड़ने की अपील की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से कहा कि ईंधन की खपत कम करें और अनावश्यक सोने की खरीद न करें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को प्रदेश में व्यावहारिक रूप से अपनाए जाने की अपील की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य सचिव, डीजीपी, सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव की बैठक में निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री व मंत्रियों आदि की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत की कमी की जाए। काफिले से अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए।




साइन इन