भगौना लेकर पेट्रोल-डीजल लेने पहुंचे लोग, तेल के लिए मचे हाहाकार का वीडियो वायरल
पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह के बीच देवरिया में कुछ लोग भगौना लेकर तेल लेने पेट्रोल पंप पहुंच गए। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि सरकार ने तेल और गैस की कमी से इनकार किया है और किल्लत की अफवाहों से बचने की अपील की है, इसके बावजूद लोग पैनिक बाइंग कर रहे हैं।

UP News: यूपी के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाहों ने पैनिक की स्थिति पैदा कर दी है। ताजा मामला देवरिया जिले से सामने आया है, जहां इन अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग गैलन और ड्रम ही नहीं, बल्कि अलग-अलग बर्तनों में भी पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंच रहे हैं, जिससे पंप संचालकों की परेशानी बढ़ गई है। इधर, सरकार ने पेट्रोल, डीजल और गैस की किसी भी तरह की कमी से साफ इनकार किया है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। इसके बावजूद कई जगहों पर पैनिक बाइंग जारी है।
इन दिनों पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं और कई जगह धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई है। गुरुवार को हालात और बिगड़ गए, जिससे कई पंपों पर पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा, जबकि एक दिन पहले भी हंगामे की घटनाएं सामने आई थीं। इसी बीच देवरिया के बरहज थाना क्षेत्र के राम-जानकी मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वाहनों की लंबी कतार के बीच एक व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखे भगौने में तेल भरवाता नजर आ रहा है। वहीं कुछ लोग कंबाइन और ट्रैक्टर समेत अन्य वाहन लेकर भी पंप पर पहुंचे। हालांकि, वायरल वीडियो की लाइव हिन्दुस्तान नहीं करता है।
इसके अलावा सलेमपुर क्षेत्र के हरैया पेट्रोल पंप पर भीड़ के चलते रस्सी बांध कर वाहनों को लाइन में लगा कर पेट्रोल दिया जा रहा है। यहां पुलिस भी लगानी पड़ी है। जिला मुख्यालय के भी कई पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं।
अयोध्या के पेट्रोल पंप पर गाड़ियों की लगी कतारें
अयोध्या के जिला पूर्ति अधिकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह जिले में करीब 16 लाख लीटर डीजल और 10 लाख लीटर पेट्रोल उपलब्ध था, लेकिन अचानक बढ़ी मांग के कारण कई पंपों का स्टॉक खत्म हो गया। सामान्य स्थिति में आपूर्ति बहाल होने में 8-10 घंटे लगते हैं। गाजीपुर के जिला आपूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में सब कुछ सामान्य स्थिति में है। डीजल, पेट्रोल और गैस के स्टॉक की कोई कमी नहीं है। अफ़वाह फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। राजधानी लखनऊ में भी हालात सामान्य बने हुए हैं। पेट्रोल पंपों पर न तो लंबी कतारें हैं और न ही किसी तरह की कमी देखने को मिल रही है। पंप संचालकों ने बताया कि सप्लाई नियमित है और किसी तरह की दिक्कत नहीं है।
बलरामपुर के पेट्रोल पंप पर लटके ताले
बलरामपुर जिले बुधवार को अचानक डीजल और पेट्रोल की किल्लत हो गई। सुबह दस बजते बजते अधिकतर पेट्रोल पंप संचालकों ने पंप बंद कर दिया। एक आध जो खुले थे वहां डीजल पेट्रोल लेने के लिए ग्राहक धक्का-मुक्की कर रहे थे। वहीं 11 बजे तक मुख्यालय और उसके आस-पास के पंपों पर भी पेट्रोल खत्म हो चुका था।




साइन इन