यूपी में टल सकते हैं पंचायत चुनाव, इस चिट्ठी पर निर्वाचन आयोग के फैसले का हो रहा इंतजार
नगर विकास विभाग की ओर से 97 नए नगरीय निकायों के गठन और 107 नगरीय निकायों का सीमा विस्तार किए जाने को लेकर पंचायतीराज विभाग को पत्र लिखा गया था। पंचायतीराज विभाग ने इस पर राज्य निर्वाचन आयोग को चिट्ठी भेजकर मार्गदर्शन मांगा था। अभी तक इस पर कोई जवाब नहीं आया है।

UP Panchayat Chunav: उत्तर प्रदेश में नगरीय क्षेत्र की सीमा विस्तार के कारण पंचायत चुनाव आगे टालने की तैयारी है। नगर विकास विभाग की ओर से 97 नए नगरीय निकायों के गठन और 107 नगरीय निकायों का सीमा विस्तार किए जाने को लेकर पंचायतीराज विभाग को पत्र लिखा गया था। जिस पर बीते 22 जुलाई को ही पंचायतीराज विभाग ने राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर इस पर मार्गदर्शन मांगा था। इस पर अभी तक कोई जवाब नहीं आया है।
पत्र में लिखा गया है कि राज्य निर्वाचन आयोग मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य कर रहा है, ऐसे में वह बताएं कि वार्डों के पुनर्गठन की प्रक्रिया जारी रखी जाए या फिर इसे आगे टाल दिया जाए। फिलहाल, राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। अभी आयोग ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य रोका नहीं है, बल्कि सभी जिलों के अधिकारियों के साथ बैठकें चल रही हैं।
सूत्रों की मानें तो शासन में उच्च स्तर पर बैठक में ही कोई निर्णय लिया जाना है और अभी यह बैठक हुई नहीं है। फिलहाल, नगर विकास विभाग की ओर से नए नगरीय निकायों के गठन और सीमा विस्तार पर रोक लगाए जाने के पंचायतीराज विभाग के 22 मई के आदेश को निरस्त किए जाने का पत्र लिखे जाने के बाद से पंचायत चुनाव को लेकर ऊहापोह की स्थिति है।
प्रदेश में एमएलसी चुनाव की शुरू हुई तैयारी
इस बीच प्रदेश में एमएलसी चुनाव की तैयारी भी शुरू हो गई है। अगले साल विधान परिषद में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें खाली हो रही हैं। सात दिसंबर 2026 को स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के पांच एमएलसी और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के छह एमएलसी का कार्यकाल पूरा हो रहा है। ऐसे में विधान परिषद चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मतदाता सूची पुनरीक्षण से पहले मतदान केंद्रों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की ओर से चुनाव की तैयारियां शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।




साइन इन