palat denge palat lene bol kar palat di bus just before accident on purvanchal expressway driver was involved in a fight पलट देंगे-पलट देंगे बोल पलट दी बस, 5 की जान लेने वाले हादसे से ठीक पहले ड्राइवर का हो रहा था झगड़ा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

पलट देंगे-पलट देंगे बोल पलट दी बस, 5 की जान लेने वाले हादसे से ठीक पहले ड्राइवर का हो रहा था झगड़ा

आरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि हादसे के बाद यात्रियों से पूछताछ में पता चला कि टोल प्लाजा को पार करते ही बस के ड्राइवर ने बस के मालिक से फोन पर बात की। किसी बात पर उनमें झगड़ा होने लगा। यात्रियों के अनुसार ड्राइवर बार-बार फोन पर यह कह रहा था कि पलट देंगे-पलट देंगे।

Tue, 24 Feb 2026 11:11 PMAjay Singh प्रमुख संवाददाता, लखनऊ
share
पलट देंगे-पलट देंगे बोल पलट दी बस, 5 की जान लेने वाले हादसे से ठीक पहले ड्राइवर का हो रहा था झगड़ा

यूपी की राजधानी लखनऊ में पूर्वांचल एकसप्रेसवे पर सोमवार को एक स्लीपर कोच बस पलट गई। इस हादसे में भाई-बहन समेत पांच लोगों ने दम तोड़ दिया और 40 लोग घायल हो गए थे। इस हादसे के बारे में हैरान कर देने वाली बातें सामने आ रही हैं। पता चला है कि हादसे से ठीक पहले ड्राइवर का बस मालिक से मोबाइल पर झगड़ा हो रहा था। इसमें पलट देंगे-पलट देंगे, कहते-कहते आखिरकार उसने बस को पलट ही दिया।

परिवहन निगम की टीम ने हादसे का कारण जानने के लिए जांच की। आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय ने बताया कि हादसे के बाद यात्रियों से पूछताछ में पता चला कि टोल प्लाजा को पार करते ही बस के ड्राइवर ने बस के मालिक से फोन पर बात की। किसी बात पर उनमें झगड़ा होने लगा। यात्रियों के अनुसार ड्राइवर बार-बार फोन पर यह कह रहा था कि पलट देंगे-पलट देंगे। उसके बाद फोन काटने के कुछ ही देर बाद बस पलट गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राजस्थान में बस-टैक्सी हड़ताल से हाहाकार,जयपुर में सवारियों को खींचकर उतारा

आरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि टोल प्लाजा आते ही ड्राइवर चौकन्ना हो जाते हैं, चाहें वह कितना ही थके हों। टोल पर रुकने के दौरान उसमें चैतन्यता आ ही जाती है। यह बस तो टोल से लगभग 600 मीटर दूर जाते ही पलट गई। इससे साफ लगता है कि ड्राइवर की ही लापरवाही है। बस पंजाब के अम्बाला से बिहार के अररिया जा रही थी। यात्रियों के मुताबिक शनिवार रात से ही फोन पर ड्राइवर का मालिक से बराबर झगड़ा हो रहा था। हादसे के बाद ड्राइवर भाग निकला। बाद में हरियाणा के पानीपत निवासी एक ड्राइवर को दबोच लिया गया। यह भी बताया जा रहा है कि बस में दो ड्राइवर थे। जो पकड़ा गया है वो बस नहीं चला रहा था। मामले में गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।

बस मालिक, चालक और कंडक्टर के खिलाफ तहरीर

आरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि एआरटीओ प्रवर्तन की तरफ से बस के मालिक प्रदीप कुमार, निवासी ग्राम धाना, गुड़गांव, हरियाण, चालक और कंडक्टर (अज्ञात) के खिलाफ गोसाईगंज थाना में तहरीर दी गई है। उन्होंने बताया कि चूंकि इस मामले में एक यात्री की तहरीर पर पुलिस ने पहले ही मामला दर्ज कर लिया है। इसलिए बताया गया कि उस एफआईआर के साथ ही तहरीर को मर्ज कर लिया जाएगा। अलग से मामला दर्ज नहीं किया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में एक और पीसीएस अफसर ने मांगा वीआरएस, एसडीएम ने वजह क्या बताई?

सेफ रूट से चलते हैं बस वाले

रास्ते में आरटीओ की जांच का सामना न करना पड़े, इसलिए बस वाले सेफ रूट पर चलते हैं। दुर्घटनाग्रस्त बस के ड्राइवर ने सोनीपत एक्सप्रेस पकड़ा। वहां से कासना होते हुए नोएड परी चौक से यमुना एक्सप्रेस पर चढ़ गया। फिर आगरा एक्सप्रेस से बांगरमऊ तक आया, यहां से बाहर ही बाहर मोहान रोड, कानपुर रोड होते हुए शहीद पथ पर चढ़ा। शहीद पथ से सुल्तानपुर रोड होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस पर पहुंचा था। इस रूट पर अधिकतर स्थानों पर आरटीओ की जांच नहीं होती है।

पकड़ा गया ड्राइवर बस नहीं चला रहा था

बस में दो ड्राइवर थे। हादसे के समय जो बस चला रहा था वह तो भाग गया, जो आराम कर रहा था वह पकड़ा गया। आरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि दुर्घटना होते ही बस को चला रहा ड्राइवर और कंडक्टर मौके से भाग निकले। पकड़ा गया ड्राइवर हरियाणा के पानीपत का रहने वाला है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।