फर्जी वोटर आईडी बनवाकर बेटी के साथ इस शहर में रह रही थी पाकिस्तानी महिला, गिरफ्तार
मेरठ में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पाकिस्तानी महिला को गिरफ्तार किया है। सबा मसूद उर्फ नाजी उर्फ नाजिया पर फर्जी कागजातों के सहारे वोटर आईडी बनवाकर रहने का आरोप है। सबा पाकिस्तान के लाहौर की रहने वाली है।

यूपी के मेरठ में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पाकिस्तानी महिला को गिरफ्तार किया है। सबा मसूद उर्फ नाजी उर्फ नाजिया पर फर्जी कागजातों के सहारे वोटर आईडी बनवाकर रहने का आरोप है। सबा पाकिस्तान के लाहौर की रहने वाली है। इनका निकाह 33 साल पहले मेरठ के जली कोठी नादिर अली बिल्डिंग निवासी फरहत मसूद से हुआ था। 2003 में सबा का मेरठ के पते पर वोटर आईडी कार्ड बना, जिसके लिए गलत दस्तावेज लगाए गए थे। इस मामले में शनिवार को मुकदमा दर्ज किया गया जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। महिला पर अपनी बेटी के जन्म प्रमाण में भी फर्जीवाड़ा करने का आरोप है। आईबी और इंटेलिजेंस टीम पूछताछ कर रही है।
जली कोठी निवासी रुकसाना खान पत्नी अयाज खान ने डीएम-एसएसपी को सबा मसूद निवासी नादिर अली बिल्डिंग के खिलाफ शिकायत की थी। आरोप लगाया था पाकिस्तान के लाहौर निवासी सबा मसूद का निकाह 33 साल पहले मेरठ के देहली गेट स्थित 302/13 नादिर अली बिल्डिंग निवासी फरहत मसूद से हुआ। 1993 में सबा ने पाकिस्तान में बेटी एमन फरहत को जन्म दिया था। 25 मई 1993 को सबा अपनी बेटी एमन को पाकिस्तानी पासपोर्ट पर मेरठ लेकर आई थी। इसके बाद से सबा और उनकी बेटी लगातार मेरठ में रह रहे हैं, लेकिन सबा को भारतीय नागरिकता नहीं मिली।
बेटी के जन्म प्रमाण पत्र के लिए भी किया फर्जीवाड़ा
बावजूद इसके सबा मसूद उर्फ नाजी उर्फ नाजिया ने फर्जी दस्तावेज की मदद से भारत का वोटर आईडी कार्ड बनवा लिया। बेटी एमन फरहत का जन्म मेरठ में दिखाकर फर्जीवाड़ा कर जन्म प्रमाण पत्र भी बनवाया। सबा पर आरोप है कि उसके पिता हनीफ अहमद पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई में काम करते थे। ऐसे में गंभीर आरोप भी लगाए गए। रुकसाना की तहरीर पर देहली गेट थाने में शनिवार को सबा मसूद और उसकी बेटी एमन फरहत समेत अन्य परिजनों पर धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज बनाने, जालसाजी करने समेत कई धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सोमवार को सबा मसूद को गिरफ्तार कर लिया और थाने लाया गया। सबा से आईबी, इंटेलिजेंस टीम और एलआईयू ने पूछताछ की है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि सबा मसूद और उनकी बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। सबा की गिरफ्तारी कराई गई है और पूछताछ जारी है।




साइन इन