पंचायत चुनाव के लिए बड़ी तैयारी में जुटी ओवैसी की AIMIM, हर गांव में हो रहा यह काम, किसकी बढ़ेगी टेंशन?
यूपी में विधानसभा से पहले पंचायत चुनाव के लिए असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM जुट गई है। गांव-गांव में इसे लेकर अभियान शुरू हो गया है। हर गांव में 121 सदस्यीय समिति बनाई जा रही है।

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने विधानसभा से पहले यूपी के पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। अपना जनाधार बढ़ाने के लिए गांव-गांव अभियान चला रही है। सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम अध्यक्षों की तैनाती के साथ ही 121 सदस्यीय समिति बनाई जा रही है। इसमें 100 सक्रिय सदस्य हैं और 21 मुख्य सदस्य जिनकी देखरेख में बूथ को मजबूत करने की जुगत की जा रही है। एआईएमआईएम के सक्रिय होने से यूपी में विपक्षी पार्टियो की टेंशन भी बढ़ने लगी है। विपक्षी पार्टियां एआईएमआईएम को भाजपा की बी टीम बोलती रही हैं। भाजपा के खिलाफ जब-जब विपक्ष को एकजुट करने की बातें हुई तो एआईएमआईएम को लेकर अलग से चर्चाएं हुईं और उसे बाहर रखने पर ही जोर रहा है।
फिलहाल नई तैयारियों पर एआईएमआईएम के यूपी अध्यक्ष शौकत अली के मुताबिक हर ग्राम सभा में ग्राम अध्यक्ष बनाया जा रहा है। जिला, ब्लॉक, विधानसभा व ग्राम पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है। पंचायत चुनाव व विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वह कहते हैं कि यूपी में मुसलमानों के साथ भेदभाव तो किया ही जा रहा है लेकिन महंगाई व बेरोजगारी भी बड़े मुद्दे हैं। वह खुद इस समय अमरोहा में नुक्कड़ सभा के माध्यम से पार्टी से लोगों को जोड़ने के लिए तैयारी कर रहे हैं।
पार्टी के मुखिया असुद्दीन ओवैसी भी लगातार प्रदेश संगठन के कार्यों पर नजर रखे हुए हैं और हर हाल में पार्टी संगठन को मजबूत कर जनाधार बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। रमजान के बाद प्रदेश भर में अभियान और तेज किया जाएगा। आमजगढ़, बागपत, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली और संभल जैसे मुस्लिम बाहुल्य जिलों में पार्टी ने निगाहें गड़ा रखी हैं।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम 100 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ी थी। सिर्फ आजमगढ़ की मुबारकपुर विधानसभा सीट पर एआईएमआईएम के टिकट पर चुनाव लड़े शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने 36419 मत प्राप्त कर अपनी जमानत बचाई थी। चुनाव के बाद सपा ने गुड्डू जमाली को पार्टी में शामिल कर उन्हें विधान परिषद सदस्य बना दिया। यूपी में पार्टी को कुल 450929 वोट मिले थे जो कुल पड़े मतों का 0.49 प्रतिशत था। ऐसे में पार्टी के सामने इस बार प्रदर्शन सुधारने की चुनौती है।
अकबरूद्दीन ओवैसी के बयान से चढ़ा सियासी पारा
एआईएमआईएम के प्रमुख असुद्दीन ओवैसी के भाई व विधायक अकबरूद्दीन ओवैसी ने सोमवार को तेलंगाना के निजामाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि मिस्टर योगी यूपी आ रहा हूं, तैयार हो जाओ। अब यूपी में भी पार्टी का झंडा गाड़ेंगे। हम सभी यूपी चलेंगे और अपनी ताकत से झंडे को गाड़ेंगे। यूपी में भी झंडा लहराएंगे।




साइन इन