यूपी पंचायत चुनाव से पहले सीएम योगी का मिशन विलेज, खुशियों से भरेगी महिलाओं की झोली
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों की सुगबुगाहट के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए एक बड़ी योजना का खाका खींचा है। 'मिशन विलेज' के तहत अब प्रदेश की ग्रामीण महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बनेंगी, बल्कि दुनिया का ब्रांड बनेंगी।

यूपी में पंचायत चुनाव से पहले गांवों पर प्रदेश की योगी सरकार मेहरबान है। सीएम योगी के मिशान विलेज के तरहत ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल शुरू की गई है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से अब प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं शहद बनाने के काम यानी मधुमक्खी पालन के क्षेत्र में उतरेंगी। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आय के नए स्रोत पैदा करना और महिलाओं को सीधे तौर पर उद्यमिता से जोड़ना है। योजना के तहत राज्य सरकार ने अगले तीन वर्षों में एक लाख महिला मधुमक्खी पालक तैयार करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है।
इस पहल के माध्यम से प्रत्येक महिला उद्यमी की वार्षिक आय में लगभग एक लाख रुपये तक की वृद्धि होने की संभावना है। महिलाओं को इस क्षेत्र में कुशल बनाने के लिए सरकार प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और बाजार से सीधा जुड़ाव सुनिश्चित करेगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नकदी का प्रवाह बढ़ेगा और महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाएंगी।
यूपी का शहद अब होगा 'ग्लोबल'
मुख्यमंत्री के विजन के अनुसार, यूपी का शहद अब स्थानीय बाजारों तक सीमित नहीं रहेगा। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अब अपना खुद का शहद ब्रांड लॉन्च करेंगी। सरकार की योजना इन उत्पादों की ब्रांडिंग वैश्विक मंचों पर करने की है, ताकि प्रदेश का शहद देश-दुनिया में गुणवत्ता और शुद्धता की नई पहचान बना सके। शहद के साथ-साथ मोम और अन्य उत्पादों के विपणन से भी महिलाएं आर्थिक लाभ कमा सकेंगी।
खेती में 'डबल' मुनाफा: बढ़ेगी फसलों की पैदावार
मधुमक्खी पालन केवल शहद उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खेती-किसानी की तस्वीर बदलने वाला भी साबित होगा। परागण (Pollination) से मधुमक्खियों की मौजूदगी से गेहूं, सरसों, दलहन, तिलहन और बागवानी फसलों की पैदावार में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होती है। इस वैज्ञानिक प्रक्रिया से किसानों को बिना किसी अतिरिक्त लागत के अपनी फसलों से बेहतर उत्पादन मिलेगा।
इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेती और मधुमक्खी पालन के बीच एक लाभप्रद संतुलन बनेगा, जो समग्र कृषि विकास में सहायक होगा। सरकार की इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को संगठित करने और पंचायत चुनावों से पहले जमीनी स्तर पर आर्थिक खुशहाली लाने के एक बड़े मास्टरस्ट्रोक के रूप में देखा जा रहा है।




साइन इन