ओवरटेक में ट्रिपल मर्डर; बुजुर्ग को लोडर से कुचला मारा, विरोध में भाइयों की पीट-पीटकर हत्या
हरदोई में ओवरटेक के विवाद में तीन लोगों की हत्या कर दी गई। पहले एक पक्ष ने 70 वर्षीय बुजुर्ग को लोडर से कुचलकर मार डाला, जिसके प्रतिशोध में दूसरे पक्ष ने आरोपी के दो सगे भाइयों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है।

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शुक्रवार को प्रतिशोध और हिंसा की रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। सुरसा क्षेत्र के गांव ढोलिया में मामूली ओवरटेक के विवाद ने 'ट्रिपल मर्डर' का रूप ले लिया। एक पक्ष ने जहां 70 साल के बुजुर्ग को लोडर से बार-बार कुचलकर मार डाला, वहीं दूसरे पक्ष ने गुस्से में आकर आरोपी के दो सगे भाइयों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस तिहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना की पटकथा पड़ोसी जिले कन्नौज के मानीमऊ मोड़ के पास लिखी गई। ढोलिया निवासी श्याम पांडेय और गांव के ही तीन सगे भाई—शिवम, अमन और लकी कश्यप—अपने-अपने लोडर में भूसा लादकर बेचने के लिए कन्नौज गए थे। रास्ते में लोडर ओवरटेक करने को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस और मारपीट हो गई। श्याम पांडेय ने घर फोन कर परिजनों को बताया कि कश्यप भाइयों ने उसे घेरकर पीटा है। इस सूचना के बाद श्याम के पिता, 70 वर्षीय देवीसहाय उर्फ भारत, अपनी पत्नी गीता देवी के साथ गांव के बाहर सड़क किनारे बेटे के लौटने का इंतजार करने लगे।
बुजुर्ग को लोडर से बार-बार कुचला
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे आरोपी लकी कश्यप अपना लोडर लेकर गांव पहुंचा। सड़क किनारे खड़े देवीसहाय को देखते ही उसने लोडर उन पर चढ़ा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, लकी ने नृशंसता की सारी हदें पार कर दीं। उसने एक बार टक्कर मारने के बाद लोडर बैक किया और जमीन पर लहूलुहान पड़े बुजुर्ग के ऊपर दो-तीन बार गाड़ी चढ़ाई। बुजुर्ग देवीसहाय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर लकी लोडर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्रतिशोध की आग में दो भाइयों की हत्या
जैसे ही देवीसहाय की मौत की खबर उनके बेटों और समर्थकों को मिली, गांव में कोहराम मच गया। लाठी-डंडे, भाला और सरिया लेकर आक्रोशित परिजन बदला लेने के लिए निकल पड़े। इसी बीच दूसरे लोडर से लकी के दो भाई, 28 वर्षीय शिवम और 17 वर्षीय अमन, भी वहां पहुँच गए। भीड़ ने उन दोनों को पकड़ लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय उनकी भी मौत हो गई।
गांव में सन्नाटा, तीन थानों की फोर्स तैनात
एक ही दिन में तीन हत्याओं के बाद ढोलिया गांव छावनी में तब्दील हो गया है। सुरसा समेत आसपास के तीन थानों की फोर्स ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला। गिरफ्तारी के डर से दोनों पक्षों के पुरुष सदस्य घरों से फरार हैं और गांव में केवल महिलाओं की चीखें सुनाई दे रही हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। मामूली विवाद में उपजी यह रंजिश तीन परिवारों के लिए कभी न खत्म होने वाला गम बन गई है।




साइन इन