मजदूर दिवस पर सीएम योगी ने खोला खजाना, 15 लाख से अधिक श्रमिकों को लेकर किया बड़ा ऐलान
मजदूर दिवस पर सीएम योगी ने श्रमिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आयुष्मान योजना का दायरा बढ़ाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने बताया अब तक 12 लाख 26 हजार श्रमिकों को आयुष्मान कार्ड दिए जा चुके हैं, जबकि शेष 15 लाख 83 हजार निर्माण श्रमिकों को भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

CM Yogi Order: अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर यूपी सरकार ने श्रमिकों के लिए खजाना खोल दिया। सीएम योगी ने प्रदेश के 15 लाख से अधिक श्रमिक परिवारों को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया। सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में श्रमिकों के ठहरने के लिए डोरमेट्री और सस्ती कैंटीन की व्यवस्था की जाएगी, जहां उन्हें किफायती भोजन, स्नानघर, मनोरंजन और सुरक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सरकार ने श्रमिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आयुष्मान योजना का दायरा बढ़ाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने बताया अब तक 12 लाख 26 हजार श्रमिकों को आयुष्मान कार्ड दिए जा चुके हैं, जबकि शेष 15 लाख 83 हजार निर्माण श्रमिकों को भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे करीब 80 लाख लोगों को हर साल 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रोजगार के अवसर तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) के माध्यम से 3 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है, जबकि 65 लाख लोगों को नया रोजगार उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब 'बीमारू राज्य' की छवि से निकलकर देश की अर्थव्यवस्था का 'ग्रोथ इंजन' बन चुका है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के हर मंडल में अटल आवासीय विद्यालय स्थापित किए गए हैं, जहां श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। प्रत्येक विद्यालय में एक हजार विद्यार्थियों के पढ़ने की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों में केंद्रीय, नवोदय और सैनिक विद्यालयों के स्तर के शिक्षक नियुक्त किए गए हैं, ताकि श्रमिकों के बच्चे भी भविष्य में उच्च पदों तक पहुंच सकें।
फैक्ट्री मालिकों और ठेकेदारों को सीएम योगी की चेतावनी
श्रमिकों के हितों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सीएम योगी ने फैक्ट्री मालिकों और ठेकेदारों को स्पष्ट चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अब श्रमिकों से काम लेकर भुगतान में टालमटोल या कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि श्रमिक ने काम किया है, तो उसे उसका पूरा दाम मिलना ही चाहिए, अन्यथा सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले श्रमिकों का शोषण होता था, लेकिन अब सरकार उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने हाल ही में नोएडा में हुए श्रमिक प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में औद्योगिक अशांति किसी भी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी।
देशभर में गरीबों को दिए गए चार करोड़ घर
कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए, सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में, पिछले 12 वर्षों में देश भर में लगभग चार करोड़ घर उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश में 65 लाख शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में लगभग 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, 'गरीबों को मिलने वाला राशन पहले लोग चट कर जाते थे।' कोविड-19 महामारी का जिक्र करते हुए, मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों की आलोचना की और आरोप लगाया कि वे संकट के दौरान अनुपस्थित थे, जबकि ‘डबल इंजन सरकार’ ने राज्य में लौटने वाले प्रवासी श्रमिकों की सहायता सुनिश्चित की।




साइन इन