लखनऊ में ज्यादा फीस लेने वाले 8 नामी स्कूलों को नोटिस, 5 लाख तक जुर्माने की चेतावनी
लखनऊ में ज्यादा फीस लेने वाले आठ निजी स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही 5 लाख रुपये तक जुर्माना लगाने की चेतावनी भी दी गई है। डीएम अध्यक्षता में जिला शुल्क नियामक समिति की बैठक हुई। जिसमें बच्चों से तय मानक से ज्यादा फीस लेने वाले स्कूलों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई।

UP News: यूपी के लखनऊ में ज्यादा फीस लेने वाले आठ निजी स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही 5 लाख रुपये तक जुर्माना लगाने की चेतावनी भी दी गई है। डीएम विशाख जी की अध्यक्षता में गुरुवार जिला शुल्क नियामक समिति की बैठक हुई। जिसमें बच्चों से तय मानक से ज्यादा फीस लेने वाले स्कूलों को नोटिस जारी कर पांच लाख रुपये जुर्माने की चेतावनी दी गई। इनको एक जून तक जवाब देने का मौका दिया गया है। समिति को 20 विद्यालयों के खिलाफ बढ़ी फीस लेने की 28 शिकायतें मिली थीं। जांच में आठ शिकायतें सही पाई गईं। इनमें से दो स्कूलों ने कमेटी की जांच में ज्यादा फीस लेने की बात स्वीकार की। कार्रवाई के डर से इन स्कूलों ने बढ़ी फीस अगले महीने में समायोजित करने का आश्वासन दिया है।
उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित विद्यालय (शुल्क विनियमन) अधिनियम- 2018 एवं संशोधन अधिनियम 2020 के अनुपालन में गुरुवार को डीएम की अध्यक्षता में समीक्षा की गई। बैठक में समिति ने जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस पर डीएम ने निर्देश दिए कि अधिक फीस लेने वाले विद्यालयों को नोटिस जारी कर पूछा जाए कि उनके खिलाफ अर्थदंड क्यों न लगाया जाए।
इन स्कूलों को मिला नोटिस
डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि नोटिस पाने वाले विद्यालयों में एलन हाउस पब्लिक स्कूल, सीलवती आइडियल पब्लिक स्कूल, रामनगर, आश्रम एकेडमी, कृष्णानगर, हुकुम सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज, इंदिरानगर, सेंट डोमिनिक इंटर कॉलेज, सेठ एमआर जयपुरिया गोयल कैम्पस, अयोध्या रोड, ब्राइट वे इंटर कॉलेज, जानकीपुरम और केजे मॉडर्न पब्लिक स्कूल शामिल हैं।
सहारनपुर में 12वीं तक के स्कूल बंद
उधर, सहारनपुर में पड़ रही भीषण गर्मी, अत्यधिक तापमान और मौसम विभाग द्वारा जारी हीट वेव (लू) की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी बोर्डों के विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से बंद करने और ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविन्द कुमार पाठक ने गुरुवार को जारी एक आदेश में कहा कि जनपद के सभी बोर्डों से संबद्ध विद्यालयों में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। आदेश के तहत कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन के संज्ञान में यह मामला आया था कि कुछ सीबीएसई , आईसीएसई तथा वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय भीषण गर्मी के बावजूद संचालित किए जा रहे थे और छात्र-छात्राओं से शिक्षण कार्य कराया जा रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है और लू चलने के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।




साइन इन