यूपी के एक लाख कर्मचारियों को नए साल का तोहफा, 2149 रुपए वेतन बढ़ाएगी सरकार
यूपी के इन कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। उन्हें नए साल पर तोहफा मिलने जा रहा है। कर्मचारियों के वेतन में 2149 रुपये बढ़ाने पर सहमति बनी है। प्रमुख सचिव की औपचारिक मुहर लगते ही वेज रिवीजन का आदेश जारी हो जाएगा।

उत्तर प्रदेश के एक लाख चीनी मिलकर्मियों को नए साल का तोहफा सरकार देने जा रही है। कर्मचारियों के वेतन में 2149 रुपये बढ़ाने पर सहमति बनी है। प्रमुख सचिव की औपचारिक मुहर लगते ही वेज रिवीजन का आदेश जारी हो जाएगा।
प्रदेश में 110 चीनी मिल चल रहीं हैं। इन चीनी मिलों अकुशल, कुशल और उच्च कुशल कर्मियों का वेतन रिवीजन अक्तूबर 2022 से लंबित था। 2024 में वेज रिवीजन के लिए त्रिपक्षीय कमेटी का गठन हुआ, जिसके अध्यक्ष श्रमायुक्त मार्कण्डेय शाही हैं। मंगलवार को श्रमिक संगठन, सेवायोजक और कमेटी के अध्यक्ष के बीच त्रिपक्षीय वार्ता हुई। वेज की दर को लेकर सभी ने अपनी राय दी। अंतत: 2149 रुपये मासिक वेतन वृद्धि पर आम सहमति बनी। अब वेज रिवीजन की फाइल श्रमायुक्त कार्यालय से प्रमुख सचिव के पास जाएगी, जहां अंतिम मुहर लग जाएगी। प्रमुख सचिव की सहमति कोरम मानी जा रही है।
कर्मचारियों को मिलेगा हजारों रुपये एरियर
नए वेज का इंतजार कर रहे चीनी मिल कर्मियों के लिए सब्र का फल मीठा साबित होने वाला है। क्योंकि, अक्तूबर 2022 से अब तक का एरियर भी कर्मचारियों को देय होगा। करीब 90-90 हजार रुपये हर एक कर्मचारी को एरियर के रूप में मिलेंगे।
इंटक ने श्रमायुक्त को दी बधाई
इंटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व आईएनडीडब्लूएफ के अध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि श्रमायुक्त ने चीनी मिलकर्मियों की पीड़ा को बखूबी समझा। श्रमायुक्त के प्रयासों से वेज रिवीजन पर आम सहमति कमेटी की बैठक में बन सकी। कर्मचारियों के वेतन में 2149 रुपये महीने बढ़ोतरी होगी।




साइन इन