New video of doctor who said he would have given 20 shots and prescribed one, says, I am undergoing treatment 20 गोली मारते, एक लिखवाते कहने वाले डॉक्टर का नया वीडियो, बोले- मेरे दिमाग का चल रहा इलाज, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

20 गोली मारते, एक लिखवाते कहने वाले डॉक्टर का नया वीडियो, बोले- मेरे दिमाग का चल रहा इलाज

पुलिस पर संकेतों में फर्जी एनकाउंटर करने का सनसनीखेज आरोप लगाने वाले शामली के चिकित्सा अधीक्षक 24 घंटे में ही बैकफुट पर आ गए हैं।  बुधवार को कहा कि पुलिस अपराधी को 20 गोली मारती है और हमसे एक लिखवाती है। अब कह रहे हैं कि मेरा दिमाग ठीक नहीं है, इलाज चल रहा है।

Thu, 30 Oct 2025 06:35 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
20 गोली मारते, एक लिखवाते कहने वाले डॉक्टर का नया वीडियो, बोले- मेरे दिमाग का चल रहा इलाज

यूपी के शामली में कैंप कार्यालय पर हुई चोरी और उसका खुलासा नहीं होने पर बुरी तरह बिफरे सीएचसी पर तैनात चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर दीपक कुमार ने बुधवार को पुलिस पर खूब भड़ास निकाली थी। यहां तक कहा कि अपराधियों को 20 गोली मारकर लाते हैं और सीओ-एसपी जबरदस्ती एक गोली लिखवाते हैं। अब आएंगे तो इनका पर्चा खोलेंगे, पुलिस का चिट्ठा सामने लाएंगे। डॉक्टर का यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस में भी हड़कंप मचा। एक हफ्ते के अंदर ही शामली में पुलिस ने एनकाउंटर में दो अपराधियों नफीस और फैसल को मार गिराया था। डॉक्टर की बातों को इन्हीं एनकाउंटर से जोड़ जाने लगा।

अभी 24 घंटा भी नहीं बीता कि डॉक्टर दीपक अपनी बातों से पूरी तरह पलट गए। अपनी ही बातों का खंडन करते हुए एक वीडियो जारी कर दिया है। इस वीडियो में कह रहे हैं कि मेरी तबीयत ठीक नहीं रहती है। मेरे दिमाग का इलाज चल रहा है। टेंशन में रहता हूं। मुझसे अनजाने में किसी ने कुछ बुलवा लिया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:20 गोली मारकर लाते, एक गोली लिखवाते हैं, सरकारी डॉक्टर ने खोला एनकाउंटर का 'सच'

दरअसल चोरी का खुलासा नहीं होने के बाद बुधवार को डॉक्टरों और कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर शामली कोतवाली पहुंचकर धरना दिया था। इसी दौरान डॉक्टर दीपक इतने आक्रोशित थे कि पुलिस को सीधा चैलेंज करने लगे और कहा कि अपने आप मुजरिम को 20 गोली मारकर लाते हैं, जबरदस्ती खड़े होकर सीओ और एसपी एक-एक गोली लिखवाते हैं। हम खोलेंगे इनके पर्चे, हम खोलेंगे इनके चिट्ठे।

अब डॉक्टर दीपक कह रहे हैं कि किसी ने अनजाने में मेरा वीडियो बना लिया है। उस वीडियो से मेरा कोई लेना देना नहीं है। यह भी कहा कि 2025 के किसी भी एनकाउंटर के पोस्टमार्टम में मैं शामिल नहीं रहा हूं। अपनी लाचारी बताते हुए कहा कि मेरा इलाज चल रहा है। दिमाग का भी इलाज चल रहा है। कुछ दिमागी रूप से टेंशन में भी रहता हूं। कई सारी चीजें होती रहती हैं। मैं दिमागी रूप से परेशान रहता हूं। किसी ने अनजाने में मुझसे कुछ बुलवा लिया है। इन चीजों का मैं पूरी तरह से खंडन करता हूं। इन चीजों से मेरा कोई लेना देना नहीं है।

दीपावली पर हुई थी चोरी

शामली सीएचसी अधीक्षक डॉ. दीपक दीपावली के अवसर पर रविवार को बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव कुंडा खेड़ा में देवता पूजन के लिए गए थे। जब वह परिवार के साथ लौटे तो पता चला कि सीएचसी परिसर में बने कैंप कार्यालय से अलमारी का ताला तोड़कर बदमाशों ने करीब साढ़े पांच लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली थी।

सीएचसी अधीक्षक घटना के खुलासे को लेकर पुलिस से मिले थे। इसके बावजूद घटना का खुलासा न होने पर बुधवार को सीएचसी अधीक्षक डॉ. दीपक चौधरी सहित सीएचसी के समस्त चिकित्सकों, स्टाफ व कर्मचारियों ने पुलिस पर अभद्रता करने और घटना का खुलासा न करने का आरोप लगाते हुए ओपीडी कार्य बंद कर दिया। इस दौरान सीएचसी शामली का समस्त स्टाफ हॉस्पिटल बंद कर कोतवाली पहुंचा और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। डॉ. दीपक कुमार भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के दामाद हैं इसलिए चिकित्सकों व स्टाफ के धरना-प्रदर्शन को भाकियू नेताओं का भी समर्थन मिला।

भाकियू नेता कुलदीप पंवार, कपिल खाटियान, मोहित शर्मा, अमरदीप लाठियान आदि पहुंचे और धरना-प्रदर्शन को अपना समर्थन देने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस पर चिकित्सक से अभद्रता का आरोप लगाते हुए उनकी कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाए। धरने की सूचना पर सीओ सिटी अमरदीप व कोतवाली प्रभारी सचिन शर्मा मौके पर पहुंचे और धरना प्रदर्शन कर रहे चिकित्सकों व भाकियू नेताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। सीओ ने सात दिनों के अंदर घटना का खुलासा कर चोर को जेल भेजने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना प्रदर्शन खत्म हुआ।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।